पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा-एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री निवास जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्रिपरिषद के सदस्यों और संगठन के पदाधिकारियों ने झालमुड़ी का स्वाद चखकर जश्न मनाया। इस अवसर पर राजनीतिक उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का स्पष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जनता ने भारी जनादेश देकर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर विश्वास जताया है। उन्होंने इसे भाजपा के विकास और सुशासन के मजबूत संकल्प की जीत बताया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री, भाजपा अध्यक्ष श्री नितिन नवीन एवं गृह मंत्री श्री अमित शाह सहित सभी कार्यकर्ताओं को इस अभूतपूर्व विजय पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता टीएमसी की भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति से त्रस्त थी। अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की डबल इंजन सरकार सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सहित हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए लोककल्याण के कार्य करेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने असम और पुडुचेरी में भाजपा की अभूतपूर्व जीत पर भी खुशी व्यक्त की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, अशोक परनामी, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर, कन्हैया लाल चौधरी, गौतम दक, जोगाराम पटेल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, के के विश्नोई, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ और जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुलाकात कर ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी।

यह जीत न केवल राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव का संकेत देती है, बल्कि भाजपा-एनडीए के विकास और सुशासन के एजेंडे पर जनता की स्पष्ट मुहर भी मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story