रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम भजनलाल शर्मा ने शेखावत को बताया अंत्योदय का प्रणेता, 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की दूरदर्शी सोच को किया याद।

जोधपुर/जयपुर। राजस्थान की वीर प्रसूता धरा के अद्वितीय विभूति पुरुष, पूर्व उपराष्ट्रपति और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरोसिंह शेखावत की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए गुरुवार को जोधपुर में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में शेखावत जी को लोकतांत्रिक मूल्यों, शुचिता और जनसेवा की राजनीति का जीवंत प्रतीक बताया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि एक साधारण किसान परिवार से उपराष्ट्रपति पद तक की उनकी यात्रा करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है और उन्होंने राजनीति में नैतिकता को सर्वोपरि रखा। सिंह ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि भारतीय राजनीति में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की दूरदर्शी सोच की नींव दशकों पहले भैरोसिंह शेखावत ने ही रखी थी, जो आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय चर्चा का विषय है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान भी शेखावत लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में अडिग रहे और राज्यसभा के सभापति के रूप में नई संसदीय परंपराओं की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने उन्हें एक सफल और कामयाब मुख्यमंत्री बताया जो शेखावत जी के अंत्योदय मार्ग पर चलते हुए प्रदेश को विकास के नए आयाम दे रहे हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि मार्च 2025 तक 60 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उन शब्दों को याद किया जिसमें उन्होंने शेखावत जी को 'माटी का पुत्र और देश के माथे का चंदन' कहा था। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में स्व. शेखावत को 'धरती पुत्र' और वंचितों की आवाज बताते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति को समाजसेवा का पवित्र दायित्व माना। मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावत जी द्वारा लगाया गया विकास का पौधा आज वटवृक्ष बन चुका है और वर्तमान सरकार उन्हीं की प्रेरणा से पिछले ढाई वर्षों में किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण हेतु ऐतिहासिक कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 78 लाख किसानों को ब्याज मुक्त ऋण, 67 हजार सोलर पंप और 2.18 लाख कृषि कनेक्शन जारी किए हैं।

महिला सशक्तिकरण और युवा रोजगार पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, 44 हजार छात्राओं को स्कूटी और 13 लाख को साइकिल वितरण का विवरण दिया। साथ ही, 21 लाख महिलाओं को लखपति दीदी योजना के तहत प्रशिक्षण देने और युवाओं के लिए 4 लाख सरकारी नौकरियों के संकल्प के तहत सवा लाख नियुक्तियां देने की बात दोहराई। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने स्व. शेखावत को सुशासन और लोककल्याण का अक्षय स्रोत बताया, जबकि राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने जनप्रतिनिधियों के समर्पण को रेखांकित किया। इस गरिमामयी समारोह में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, जसवंत सिंह विश्नोई, सांसद पीपी चौधरी सहित विधायक गण अर्जुनलाल गर्ग, बाबू सिंह राठौड़, भैराराम सियोल, पब्बाराम विश्नोई, अरुण चौधरी, हमीर सिंह भायल, आदुराम मेघवाल, जीवाराम चौधरी, अतुल भंसाली, देवेन्द्र जोशी और पूर्व राज्यसभा सांसद गज सिंह व हेमलता राजे सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए संघर्ष और राष्ट्रहित के संकल्प का जीवंत स्तंभ सिद्ध होगी।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story