जयपुर। बाल कैंसर जागरूकता माह के अवसर पर भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल में शनिवार को ‘द-हीरोज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैंसर केयर (वुमन विंग) एवं पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कैंसर से उपचाररत बच्चों के बीच सकारात्मकता, उत्साह और खुशियां बांटने के साथ उनके साहस को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बॉलीवुड सिंगर रवीन्द्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों से बच्चों का मनोरंजन किया और उनके साथ समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाया। उनकी उपस्थिति और संगीत ने आयोजन में खुशी का माहौल बनाया। उनकी प्रस्तुतियों पर बच्चों के साथ उनके पेरेंटस और हॉस्पिटल स्टॉफ भी झूमते नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान पीडियाट्रिक कैंसर से उपचाररत बच्चों के लिए मैजिक शो भी आयोजित किया गया। बच्चों ने इसमें उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।

चिकित्सालय की वरिष्ठ उपाध्यक्षा एवं कैंसर केयर की अध्यक्षा अनिला कोठारी ने बताया कि चिकित्सालय की ओर से बाल कैंसर रोगियों के लिए नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया जाता है कि कैंसर से लड़ रहे बच्चे केवल मरीज नहीं, बल्कि साहस और उम्मीद की प्रेरणादायी मिसाल हैं।

चिकित्सालय के अधिषासी निदेशक मेजर जनरल एस सी पारीक ने बताया कि बाल कैंसर जागरूकता माह के अवसर पर शहर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसके तहत कई स्टूडेंट्स की ओर से पोस्टर भी बनाए गए, जिनमें से चयनित पोस्टर को कार्यक्रम में प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ ने कहा कि बाल कैंसर का समय पर पता लगना और उचित उपचार बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अस्पताल में उपचार के साथ-साथ बच्चों और उनके परिवारों को भावनात्मक सहयोग और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। कार्यक्रम में चिकित्सालय परिवार के वरिष्ठ अधिकारियों, डॉक्टर्स सहित कई सदस्यों ने भाग लिया।

Next Story