भगत की कोठी-काचीगुड़ा ट्रेन यात्रियों के लिए राहत, रेलवे ने बदला फैसला
रेलवे ने मेडचल-अक्कनपेट रेलखंड पर दोहरीकरण और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ट्रेन को रेगुलेट करने का पूर्व आदेश वापस ले लिया है, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

भगत की कोठी–काचीगुड़ा रेलसेवा के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने इस ट्रेन को 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक मार्ग में रेगुलेट करने के पूर्व में लिए गए निर्णय को बदल दिया है। अब यह रेलसेवा निर्धारित समयसारणी के अनुसार ही संचालित होगी।
दरअसल, दक्षिण मध्य रेलवे के हैदराबाद मंडल के मेडचल–अक्कनपेट रेलखंड के बीच दोहरीकरण कार्य किया जा रहा है। इसके तहत मनोहराबाद स्टेशन यार्ड में अतिरिक्त लाइन डालने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य प्रस्तावित है। इसी तकनीकी कार्य को देखते हुए पहले भगत की कोठी–काचीगुड़ा रेलसेवा को 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक मार्ग में रेगुलेट करने का निर्णय लिया गया था।
हालांकि, अब रेलवे ने इस निर्णय में बदलाव करते हुए रेलसेवा को पूर्व निर्धारित समयसारणी के अनुसार संचालित करने का फैसला किया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 17606, भगत की कोठी–काचीगुड़ा रेलसेवा 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक अपने निर्धारित समयसारणी के अनुसार ही संचालित होगी। ऐसे में इस अवधि के दौरान यात्रियों को ट्रेन के रेगुलेट होने की पूर्व घोषित व्यवस्था का सामना नहीं करना पड़ेगा।

