ब्यावर में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों को लेकर शुक्रवार को मतगणना के साथ तस्वीर साफ हो गई। कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच जिले की नवगठित जिला परिषद के 27 वार्ड सदस्यों तथा सात पंचायत समितियों के 129 वार्ड सदस्यों के लिए हुई मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर की ओर से तृतीय चरण में 3 नवंबर और चतुर्थ चरण में 14 नवंबर को आयोजित चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए।

मतगणना से पहले आयोग के चुनाव पर्यवेक्षक भागीरथ विश्नोई और जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमलराम मीना की मौजूदगी में ईवीएम स्ट्रांग रूम के मुहर और चपड़ी लगे तालों को खोला गया। इसके बाद ईवीएम को मतगणना टेबलों तक पहुंचाया गया।

मतगणना केंद्र सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड डिटेक्टर से जांच की गई। मतगणना पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायकों और गणना अभिकर्ताओं ने निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ सुबह 8 बजे मतगणना शुरू की।

मतगणना की प्रक्रिया सात कक्षों में 63 टेबलों पर विभिन्न चक्रों में पूरी की गई। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया के नेतृत्व में 150 पुलिस अधिकारियों, आरक्षकों और आरएसी जवानों ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभाली।

जिला परिषद सदस्य पद के लिए 69 प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई थी, जबकि पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 399 अभ्यर्थियों ने चुनाव लड़ा। मतगणना पूरी होने के बाद विजेता प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस प्रकार जिला परिषद के 27 और पंचायत समितियों जैतारण, रास, रायपुर, बदनौर, जवाजा, नरबदखेड़ा व मसूदा के 129 वार्ड सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया के परिणाम सामने आने के साथ ही जिले के पंचायत चुनावों की तस्वीर स्पष्ट हो गई।

Next Story