ब्यावर: वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत मीडिया कर्मियों ने जाना पानी का गणित
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में पत्रकारों ने ब्यावर-जवाजा पंप हाउस, बीसलपुर परियोजना जलकल गृह और राजियावास तालाब का निरीक्षण कर तकनीकी प्रणाली समझी।

ब्यावर के अजमेर रोड स्थित ब्यावर-जवाजा पंप हाउस पर बुधवार को वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान-2026 के तहत जल भंडारण और आपूर्ति की तकनीकी कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते स्थानीय मीडिया कर्मी और जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी।
ब्यावर। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान-2026 के तीसरे दिन बुधवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में स्थानीय मीडिया कर्मियों के लिए फील्ड भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान पत्रकारों ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अजमेर रोड स्थित ब्यावर-जवाजा पंप हाउस तथा बीसलपुर परियोजना जलकल गृह दौलतपुरा का निरीक्षण कर जल भंडारण और जल आपूर्ति व्यवस्था की तकनीकी कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील जूनवाल ने मीडिया कर्मियों को जल आवक, जल वितरण प्रबंधन तथा पूरी तकनीकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार जल संग्रहण से लेकर विभिन्न क्षेत्रों तक जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है और वितरण प्रणाली को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाता है।
इसके बाद पत्रकारों ने जवाजा प्रखंड के राजियावास तालाब का भ्रमण किया, जहां जल संरक्षण और जल संचय से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन किया गया। सरपंच ब्रजपाल सिंह रावत ने तालाब के महत्व, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और क्षेत्रीय उपयोगिता की जानकारी दी। वहीं सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता पृथ्वीराज ने वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए इसके दीर्घकालिक लाभों की जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सतीश सोनी सहित दैनिक समाचार पत्रों और टीवी चैनलों के अधिकृत मीडिया कर्मी मौजूद रहे। वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान-2026 के तहत आयोजित यह फील्ड विजिट जल संरक्षण, जल प्रबंधन और जल वितरण प्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
