ब्यावर की प्रताप कॉलोनी में पेड़ों की कटाई से भड़का आक्रोश, जिला कलक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
ब्यावर की प्रताप कॉलोनी में बिजली मरम्मत के दौरान पेड़ों को तने से काटने पर नागरिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।

ब्यावर की प्रताप कॉलोनी में विद्युत आपूर्ति लाइन की मरम्मत के दौरान तने से काटे गए पेड़ों की कटी टहनियां।
ब्यावर की प्रताप कॉलोनी में विद्युत आपूर्ति लाइन की मरम्मत के दौरान घने छायादार पेड़ों की अनुचित कटाई से क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया। मेवाड़ी गेट के बाहर सब्जी मंडी के पीछे नगर परिषद के वार्ड संख्या 40 स्थित कॉलोनी में घरों के बाहर, सार्वजनिक स्थलों और आसपास लगे पेड़ों को तने से काटे जाने पर स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताई है।
बुधवार को विद्युत विभाग के सेदरिया ग्राम स्थित सब स्टेशन से गुजर रही विद्युत आपूर्ति लाइन के मरम्मत कार्य के दौरान यह कटाई की गई। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पेड़ों की टहनियां काटने के बजाय उन्हें तने से काटकर नष्ट किया जा रहा है। इससे कॉलोनी में लगे घने छायादार पेड़ों को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एक ओर राज्य सरकार हरियालो राजस्थान अभियान के तहत आमजन से पौधे लगाने की अपील कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी नुमाइंदे ही पेड़ों को संरक्षित करने के बजाय उन्हें नष्ट कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने इस तरह की कटाई पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
स्थानीय नागरिक नरेश साहू ने बताया कि जल्द ही पार्षद जमालुद्दीन के नेतृत्व में जिला कलक्टर कमलराम मीना को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके माध्यम से पेड़ों की अनुचित कटाई के लिए जिम्मेदार दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर है।

