ब्यावर का ऐतिहासिक वीर तेजा मेला शुरू, कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ
ब्यावर में तीन दिवसीय श्री वीर तेजा मेला-2026 का शुभारंभ हुआ। जिला कलक्टर कमलराम मीना ने पूजा-अर्चना के बाद मेले का उद्घाटन किया। पहली बार महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली, जबकि सुरक्षा और यातायात के इंतजाम किए गए।

तस्वीर में ब्यावर के श्री वीर तेजा मेले के शुभारंभ अवसर पर जिला कलक्टर कमलराम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य लोग फूलमाला पहने हुए नजर आ रहे हैं।
ब्यावर का ऐतिहासिक तीन दिवसीय श्री वीर तेजा मेला-2026 रविवार सुबह विधिवत शुरू हुआ। जिला कलक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक कमलराम मीना ने सुबह 10 बजे तेजा चौक स्थित तेजाजी महाराज के थान पर पं. रामगोपाल शर्मा के सान्निध्य में प्रतिमा पर पुष्पहार, दूध और नारियल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने सुभाष उद्यान के सिंह द्वार पर फीता काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पुजारी ओम प्रकाश चौधरी ने जिला कलक्टर कमलराम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ तथा परिषद आयुक्त एवं मेला प्रभारी कीर्ति कुमावत का फूलमाला पहनाकर अभिनंदन किया।
मेले के दौरान पहली बार अजमेरी गेट से तेजाजी के थान तक महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। कार्यक्रम में सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे, कनिष्ठ अभियंता कपिल गौरा, मेला आयोजन समिति सदस्य मनोज शर्मा, कैलाश चंद मीना, मोहिंदर राय फुलवारी और दमयंति जयपाल सहित परिषद कर्मी एवं पूर्व पार्षद मौजूद रहे।
मेले में महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सुभाष उद्यान से खेल स्टेडियम तक निशुल्क आवाजाही की सुविधा के लिए 30 ई-रिक्शा संचालित किए जा रहे हैं। सुभाष उद्यान में जिला पुलिस और परिषद प्रशासन की ओर से नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के तहत एकता सर्किल से तेजा चौक तक बैरिकेडिंग कर एक तरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सादा वर्दी और बावर्दी पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव को मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

