ब्यावर। स्वच्छ भारत मिशन को जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में सख्त संदेश देते हुए शहर ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी उद्देश्य से गुप्ता ने ब्यावर में नगर परिषद सहित जिले की सभी नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों की आवश्यक बैठक ली।

बैठक के प्रारंभ में ब्यावर नगर परिषद आयुक्त श्रवण राम चौधरी ने गुप्ता का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद बैठक को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन को अब जन आंदोलन बनाना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए केवल जनता ही नहीं, बल्कि मिशन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शत-प्रतिशत भागीदारी के बिना वांछनीय लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं होगा।

बैठक में नगर परिषद ब्यावर के साथ-साथ जिले की नगर पालिका जैतारण, मसूदा और रायपुर के अधिशासी अधिकारी तथा स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान स्वच्छता कार्यों की प्रगति, जिम्मेदारियों और कार्य निष्पादन में सुधार को लेकर गंभीर चर्चा की गई।

इस बैठक ने स्पष्ट संकेत दिया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब जवाबदेही और भागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे शहर और जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

Next Story