ब्यावर में श्री प्रसन्न गणपति मंदिर में महंत गणेश गिरि की जयंती पर पेशवाई
शोभायात्रा में नागा साधुओं ने दिखाए शस्त्र कौशल, संत सम्मेलन और विशाल भंडारे का हुआ आयोजन

ब्यावर में संत सम्मेलन के दौरान उपस्थित साधु-संत और अतिथिगण.
ब्यावर में श्री प्रसन्न गणपति मंदिर के ब्रह्मलीन महंत गणेश गिरि (बजर बट्टू) महाराज की जयंती के अवसर पर मंगलवार को महाकुंभ की तर्ज पर नगर पेशवाई निकाली गई। सूरजपोल गेट के बाहर स्थित मंदिर से निकली शोभायात्रा में नागा साधुओं के शस्त्र कौशल, धार्मिक झांकियों और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को विशेष स्वरूप दिया। इस अवसर पर संत सम्मेलन और विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
मंदिर के महंत फतेह गिरि महाराज के सान्निध्य में सुबह 9 बजे मंदिर से शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें पंच दशनाम जूना अखाड़े के नागा साधु धौला गिरि, विष्णु गिरि और गोपाल गिरि सहित अन्य साधुओं ने तलवार, त्रिशूल और अखाड़ेबाजी की कला का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। शोभायात्रा में शिव-पार्वती, गणेश देवा, राम दरबार और बजर बट्टू बाबा की झांकियां शामिल रहीं। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के प्रथम दिन सोमवार को अजमेर रोड स्थित समाधि स्थल पर भजन संध्या आयोजित की गई। भजन गायक नारायण सिंह सरावत और मोतीलाल ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी।
इसके बाद बजर बट्टू आश्रम में संत सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें विधायक शंकर सिंह रावत, नगर परिषद सभापति पुष्पा बल्दुआ, उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी, पार्षद शशि बाला सोलंकी और जय किशन बल्दुआ अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
धार्मिक आयोजनों के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। महंत फतेह गिरि ने दूर-दराज से आए साधु-संतों को दक्षिणा भेंट की। भंडारे में मीडिया प्रभारी रमेश शर्मा, सेवादार विनोद चौहान, अमरचंद कुमावत, पूर्व पार्षद दिनेश शर्मा, रघुवीर प्रसाद, महेंद्र मारोठिया, बूंटा सिंह, रिकवेन्द्र यादव, रमेश यादव और कांता गुजराती ने सेवाएं दीं। महंत गणेश गिरि महाराज की जयंती पर आयोजित नगर पेशवाई, भजन संध्या, संत सम्मेलन और भंडारे के माध्यम से धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।

