ब्यावर: श्री सीमेंट के संकट मोचन हनुमान मंदिर में वार्षिक उत्सव और कथा शुरू
मसूदा रोड स्थित मंदिर में 26वें वार्षिकोत्सव पर राष्ट्र संत स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने चार दिवसीय कृष्ण नीति दर्शन कथा का शुभारंभ किया।

ब्यावर के बांगड़ नगर स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में 26वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर व्यास पीठ से कथा वाचन करते स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज।
प्रातःकाल संवाददाता, ब्यावर। यहां से करीब 6 किमी की दूरी पर मसूदा रोड, बांगड़ नगर स्थित श्री सीमेंट लि. के श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर के सात दिवसीय 26वें वार्षिक उत्सव के तीसरे रोज गुरुवार सवेरे संकट मोचन हनुमान प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद विग्रह का मन भावन श्रृंगार किया गया। मंदिर के गर्भ गृह में हवन किया गया। बांगड़ नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कृष्ण नीति दर्शन कथा का शुभारंभ
अपरान्ह साढे 4 बजे श्री रंगमंच पर व्यास पीठ से राष्ट्र संत स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने चार दिनी कृष्ण नीति दर्शन कथा का शुभारंभ किया। कथा में कंपनी के मानद अध्यक्ष बीजी बांगड़, अध्यक्ष एचएम बांगड़, उपाध्यक्ष प्रशांत बांगड़, प्रबंध निदेशक नीरज अघोरी, संजय मेहता, अरविंद खींचा, इकाई प्रमुख विकाश सिंघल, मानव संसाधन विकास विभाग प्रमुख देवेंद्र माथुर, आरएन ढ़ाणी, ज्योति स्वरूप गट्टानी, सुनील कुमार सिंह, जिला कलक्टर कमलराम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक नींबाराम व विहिप के केंद्रीय मंत्री उमाशंकर शर्मा समेत कई गण मान्य मौजूद थे।
उत्सव की गरिमा और उपस्थिति
हनुमान जन्मोत्सव पर श्री सीमेंट में कथा शुरू हुई है। इस विशेष धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक हस्तियों और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। सभी अतिथियों ने श्री संकट मोचन हनुमान के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और धर्म-लाभ लिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
