भारतीय डाक विभाग ने एक बार फिर अपने सामाजिक दायित्व और भरोसेमंद बीमा सेवाओं का परिचय देते हुए ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना के तहत बीमाधारक के परिवार को समयबद्ध सहायता प्रदान की। बुधवार को मंडल अधीक्षक कार्यालय, ब्यावर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डाक अधीक्षक कमलेश प्रजापत ने ग्रामीण डाक जीवन बीमा धारक स्वर्गीय प्रकाश जाट की आकस्मिक मृत्यु के बाद उनकी नामिती पत्नी प्रेम देवी जाट को 10 लाख 67 हजार 896 रुपये की बीमा दावा राशि का चेक सौंपा।

जानकारी के अनुसार स्वर्गीय प्रकाश जाट ने जून 2024 में 10 लाख रुपये की ग्रामीण डाक जीवन बीमा पॉलिसी ली थी। इस पॉलिसी के तहत उनका मासिक प्रीमियम 3,980 रुपये निर्धारित था। बीमाधारक द्वारा अब तक केवल 47,350 रुपये की एक वार्षिक किश्त जमा कराई गई थी। इसके बावजूद पॉलिसी की शर्तों के अनुरूप उनके निधन के बाद नामिती को पूरी बीमा दावा राशि प्रदान की गई।

चेक वितरण के दौरान डाक अधीक्षक कमलेश प्रजापत ने बताया कि भारतीय डाक विभाग ‘डाक सेवा-जन सेवा’ के सिद्धांत पर निरंतर कार्य करते हुए आमजन को सुरक्षित और विश्वसनीय बीमा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस अवसर पर सीपीसी प्रभारी विकास प्रजापति भी उपस्थित रहे। बीमा दावा राशि का भुगतान न केवल प्रभावित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करेगा, बल्कि ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजनाओं की उपयोगिता और विश्वसनीयता को भी रेखांकित करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story