ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। रविवार रात्रि साकेत नगर थाना क्षेत्र के सोहन नगर, सेंदड़ा रोड निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद प्रसाद शर्मा व उनकी पत्नी पूर्णिमा शर्मा की सिर पर लोहे के सरिये से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस नृशंस हत्याकांड के आरोप में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिक्षक दंपति की घरेलू नौकरानी, नौकरानी के नाबालिग पुत्र-पुत्री व मुख्य आरोपी राहुल परिहार पुत्र सोहनलाल (20) निवासी भैंसाना (पाली) हाल गायत्री कॉलोनी सेंदड़ा रोड को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है।

एक माह पूर्व रची गई थी हत्या की साजिश

सोमवार को वृत्ताधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि "आरोपियों ने दंपति के गहने व नकदी चुराने के लिये एक माह पूर्व हत्या की योजना बनाई थी।" रविवार रात्रि को मकान के पहले माले पर दंपति की हत्या कर फरार हुए आरोपियों को कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने डिटेन कर लिया।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य और पुलिस अनुसंधान

घटना स्थल से अजमेर पुलिस की एफएसएल टीम व कार्य प्रणाली शाखा टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। घटना के संबंध में पुलिस अनुसंधान अभी जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपियों को कुछ ही घंटों में दबोच कर बड़ी सफलता हासिल की है।

जांच टीम में शामिल महत्वपूर्ण पुलिस अधिकारी

इस बड़ी कार्रवाई में वृत्ताधिकारी राजेश कुमार कसाना, वृत्ताधिकारी जैतारण सतेन्द्र सिंह नेगी, साकेत नगर थानाधिकारी जयपाल सिंह जैतावत, सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे, सदर थानाधिकारी गजराज चौधरी, सेंदड़ा थानाधिकारी हरिराम जाझुंडा, जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर, जिला विशेष दल प्रभारी विजय सिंह मीना, सउनि जितेंद्र सिंह, साकेत नगर थाने के उनि गणपतराम, आरक्षक देशराज विश्नोई व आसूचना अधिकारी भगवान सिंह शामिल थे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story