ब्यावर: रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा संगोष्ठी और दीपावली स्नेह मिलन आयोजित
उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ ने अमृत भारत स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सुरक्षित रेल संचालन और आधुनिकीकरण पर चर्चा की।

ब्यावर रेलवे स्टेशन पर आयोजित सुरक्षा संगोष्ठी में उपस्थित रेलवे कर्मचारी और अधिकारीगण।
ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। सुरक्षित रेल संचालन और कर्मचारियों की कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ, अजमेर मंडल की ब्यावर शाखा की ओर से मंगलवार को अमृत भारत रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा संगोष्ठी एवं दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेल परिचालन को सुरक्षित बनाने, कर्मचारियों की सुरक्षा, आधुनिक तकनीक के उपयोग और कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
संगोष्ठी की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष राम किशोर मीणा ने की। समारोह में मारवाड़ जंक्शन के सहायक मंडल अभियंता उपेन्द्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शाखा सचिव अनीष वाजपाई ने कहा कि भारतीय रेल में सुरक्षित रेलगाड़ी संचालन सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ समय-समय पर सुरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन करता रहा है। संगोष्ठी में अभियांत्रिकी विभाग के ट्रेक मैन, गैंग मेन, चाबी वाले, स्टेशन मास्टर, पॉइंट मैन तथा सिग्नल विभाग के कर्मचारियों ने अपने विचार रखे और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
मुख्य अतिथि उपेन्द्र कुमार ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े प्रकरणों का समाधान कराया जाएगा। वहीं, शाखा उपाध्यक्ष राकेश कुमार गीला ने कहा कि आधुनिक तकनीक, जोखिम प्रबंधन और सुरक्षा प्रणालियों का प्रभावी उपयोग समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में सुखपाल रेगर, स्टेशन प्रबंधक गजे सिंह, विनोद कुमार, भूपेन्द्र परिहार, रूपेन्द्र, लक्ष्मण सिंह, मुकेश कुमार, जय गोपाल, कपिल अग्रवाल और सत्यप्रकाश सारस्वत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। मंच संचालन सहायक शाखा सचिव राकेश कुमार ने किया।
सुरक्षा संगोष्ठी के माध्यम से रेल कर्मचारियों ने सुरक्षित परिचालन, दुर्घटना रोकथाम और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान से जुड़े मुद्दे उठाए। इसके बाद दीपावली स्नेह मिलन समारोह के माध्यम से आपसी सौहार्द और संगठनात्मक सहभागिता का संदेश दिया गया।

