ब्यावर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का निरीक्षण
डीआरएम राजू भूतड़ा ने ब्यावर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों की समीक्षा की।

अजमेर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ब्यावर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेते हुए।
ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने बुधवार को ब्यावर रेलवे स्टेशन का आकस्मिक निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। सुबह करीब 8:45 बजे स्टेशन पहुंचे डीआरएम भूतड़ा ने विशेष रूप से प्लेटफार्म क्रमांक एक पर जारी उन्नयन कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने यात्री सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्थित एटीएम बूथ को अन्यत्र स्थानांतरित करने, दवा बिक्री केंद्र (फार्मेसी) की स्थापना, सीसीटीवी निगरानी कक्ष को सुदृढ़ करने, पैदल ऊपरी पुल (फुट ओवर ब्रिज) के लिए सुगम पाथवे का निर्माण करने तथा यात्री प्रतीक्षा कक्ष में अतिरिक्त बेंचों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान मंडल के आला अधिकारी, जिनमें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भारती भारद्वाज, यातायात निरीक्षक कमल किशोर श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल अभियंता मध्य (कार्य) लेखराज मीना व विपिन यादव, स्टेशन प्रबंधक अशोक कुमार आदरा तथा रेलवे सुरक्षा बल थाने के सहायक उप निरीक्षक कन्हैयालाल मीना सहित अन्य अधीनस्थ कर्मचारी मौजूद रहे। करीब 45 मिनट के सघन निरीक्षण के उपरांत डीआरएम राजू भूतड़ा अपने दल के साथ निरीक्षण रेलगाड़ी 'परख' द्वारा आबूरोड के लिए रवाना हो गए। यह दौरा ब्यावर रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने और अमृत भारत स्टेशन योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
