जिले की बार थाना पुलिस ने ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने थाने के बाहर ए श्रेणी की नाकाबंदी लगाकर मध्य प्रदेश से स्कार्पियो कार संख्या DL 7C V 9991 के माध्यम से परिवहन किए जा रहे करीब एक क्विंटल अवैध डोडा चूरा को बरामद करने में सफलता हासिल की है।

तस्करों का अनूठा पैंतरा और पुलिस की घेराबंदी

जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने वृत्ताधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया। पुलिस को चकमा देने के लिये आरोपियों ने स्कॉर्पियो कार में पांच खूंखार श्वान भी सीटों पर बैठा रखे थे ताकि कोई तलाशी न ले सके। कार्रवाई के दौरान स्कार्पियो को एस्कॉर्ट कर रही काले रंग की थार गाड़ी के चालक ने नाकाबंदी तोड़ कर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पहले से सतर्क बार, जवाजा व साकेत नगर थाने के पुलिस दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार का पीछा किया और सदा भोज का बाड़िया गांव में दोनों कारों की घेराबंदी कर ली।

आरोपियों की गिरफ्तारी और जब्त वाहन

पुलिस ने इस मामले में आरोपी श्यामबाई पत्नी भगत सिंह (40), कुलदीप सिंह पुत्र भगत सिंह (18) निवासी सरगना, नीमच (मप्र) व शशांक पुत्र अशोक कुमार मौर्य (23) निवासी गणेश नगर दिल्ली पूर्व के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के साथ उक्त दोनों कारों को भी जब्त कर लिया है। "जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत यह एक महत्वपूर्ण सफलता है और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।"

पुलिस टीम की उल्लेखनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में बार थानाधिकारी समजिदा बानू, प्रधान आरक्षक लोकेश कुमार, आरक्षक राजेश, राजूराम, बीरबल, बलदेव, सुखदेव, रामप्रसाद, जवाजा थाने के सउनि जगवेन्द्र सिंह, आरक्षक विजय व हेमंत शामिल थे। प्रेस वार्ता के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र कुमार शर्मा व वृताधिकारी राजेश कुमार कसाना भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Next Story