ब्यावर जिला पुलिस ने 'फिट इंडिया' के तहत आयोजित की साइकिल यात्रा
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से ब्यावर में 'संडे ऑन साइकिल' अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने साइकिल चलाई।

ब्यावर सिटी थाने में 'फिट इंडिया' अभियान के तहत योग सत्र में भाग लेते पुलिसकर्मी और अधिकारी, जिसके बाद पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ शहर में साइकिल रैली निकाली गई।
ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी 'फिट इंडिया' अभियान को गति देते हुए जिला पुलिस ब्यावर ने स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। रविवार को जिला मुख्यालय पर पुलिस द्वारा आयोजित 'संडे ऑन साइकिल' यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने शहरवासियों को स्वस्थ जीवन शैली और ईधन बचत के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरुआत सिटी थाने में योग शिक्षिका भाविका वासवानी के मार्गदर्शन में हुई, जहाँ उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को विभिन्न यौगिक क्रियाएं, प्राणायाम, जुम्बा और रोप स्किपिंग का अभ्यास कराया।
योग और फिटनेस सत्र के उपरांत, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने सिटी थाने से हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रा को रवाना किया। पर्यावरण संरक्षण, ईधन की बचत और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा में पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के साथ वृताधिकारी राजेश कुमार कसाना, तहसीलदार हनुंत सिंह रावत और थानाधिकारी आशुतोष पांडे ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके साथ पुलिस आरक्षक, यातायात पुलिस कर्मी, गृह रक्षक, सीएलजी सदस्य और पुलिस मित्र भी इस अभियान का हिस्सा बने। कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, महिला थानाधिकारी विद्या देवी, महिला सुरक्षा सखी रेणु गर्ग और नीलम राठौड़ की विशेष उपस्थिति रही। ब्यावर जिला पुलिस का यह आयोजन शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ समाज में फिटनेस के प्रति एक नई जागरूकता स्थापित करने में सफल रहा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
