ब्यावर में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, मतदान सामग्री लेकर केंद्रों के लिए रवाना हुए मतदान दल
जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों में ईवीएम से मतदान होगा, संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात।

मतदान सामग्री और ईवीएम बॉक्स लेकर बसों की तरफ बढ़ते चुनाव अधिकारी ब्यावर में दिख रहे हैं।
ब्यावर में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को मतदान दल अंतिम चरण का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद मतदान सामग्री के साथ आवंटित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में प्रशिक्षण के बाद मतदान अधिकारी के नेतृत्व में दलों ने ईवीएम, मतपत्र और अन्य मतदान सामग्री संभाली तथा परिवहन विभाग द्वारा अधिग्रहित निजी वाहनों से अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए प्रस्थान किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमल राम मीना ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार तृतीय चरण में 3 नवंबर को जिला परिषद के 14 वार्डों तथा जैतारण, जवाजा, रास और नरबदखेड़ा पंचायत समितियों के 68 वार्डों में चुनाव संपन्न होंगे। इन चुनावों में ईवीएम के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 5 नवंबर को 116 ग्राम पंचायतों में 1084 सरपंच एवं उप सरपंच के चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया के लिए कुल 414 मतदान केंद्र और दो सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिले के 75 अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। इसके साथ ही 58 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं तथा मोबाइल पुलिस पार्टियों की तैनाती भी की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता पहचान पत्र के अतिरिक्त 11 वैकल्पिक दस्तावेजों को भी मान्य किया है।
वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से एचसीएम रीपा, जोधपुर के अतिरिक्त निदेशक एवं आरएएस अधिकारी भागीरथ विश्नोई को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मतदान दलों की रवानगी के साथ ही पंचायत चुनाव के तृतीय चरण और ग्राम पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

