ब्यावर पंचायत चुनाव: तीसरे चरण के प्रथम भाग में 14 जिला परिषद वार्डों पर मतदान
अजमेर संभागीय आयुक्त और पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील केंद्रों का निरीक्षण कर ब्यावर में सुचारू व सुरक्षित मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

ब्यावर के सरगांव में पंचायत चुनाव के दौरान प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
ब्यावर में मंगलवार को पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के प्रथम भाग के तहत जिला परिषद और पंचायत समितियों के वार्डों में मतदान शुरू हुआ। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन व्यवस्थाओं पर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की विशेष निगरानी रही। अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ और अजमेर पुलिस प्रक्षेत्र के महानिरीक्षक डॉ. रवि सभरवाल ने सरगांव पहुंचकर मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार तृतीय चरण के प्रथम भाग में नवगठित जिला परिषद के 14 वार्डों तथा जैतारण, जवाजा, रास और नरबदखेड़ा पंचायत समितियों के 68 वार्डों के लिए मतदान कराया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमलराम मीना ने बताया कि मतदान के लिए 414 मतदान केंद्र और दो सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। इनमें 75 अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर ब्यावर, पाली और भीलवाड़ा जिला पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया।
अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ और अजमेर पुलिस प्रक्षेत्र के महानिरीक्षक डॉ. रवि सभरवाल ने सरगांव स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कमलराम मीना और जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने मालीपुरा, किशनपुरा, गिरी, निमाज और नरबदखेड़ा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को परखा।
मतदान के दौरान निर्वाचन क्षेत्र में पुरुषों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, युवाओं और नव मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आयोग के चुनाव पर्यवेक्षक भागीरथ विश्नोई, आरएएस भी जिला प्रशासन के अधिकारियों से मतदान प्रक्रिया की ताजा जानकारी लेते रहे और सुचारू मतदान पर नजर बनाए रखी।
इस दौरान विधायक शंकर सिंह रावत ने किशनपुरा स्थित मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी के साथ कतार में खड़े होकर मतदान किया। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से तृतीय चरण के लिए कुल 3 लाख 85 हजार 950 मतदाता पंजीकृत किए गए थे। 414 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच संपन्न हो रही मतदान प्रक्रिया में मतदाताओं की भागीदारी और निर्वाचन व्यवस्थाएं प्रमुख रहीं।

