ब्यावर में शारदीय नवरात्र के दौरान शक्ति की भक्ति का माहौल है। जगत जननी मां अम्बे की आराधना के पावन पर्व पर शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में प्रतिदिन मंगला और संध्या आरती में बड़ी संख्या में देवी भक्त शामिल हो रहे हैं। आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना के साथ हवन, अनुष्ठान और दुर्गा सप्तशती के पाठ किए जा रहे हैं।

नवरात्र के अवसर पर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों को विशेष साज-सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। सूरजपोल गेट के बाहर स्थित प्राचीन काली माता मंदिर, उदयपुर रोड स्थित आशापुरा माता मंदिर धाम, करीब 5 किलोमीटर दूर ब्यावर खास रोड डूंगरी स्थित ज्वाला मुखी माता मंदिर, अजमेर रोड स्थित दादी धाम और हिंगलाज माता मंदिर में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जालिया रोड स्थित नीलकंठ महादेव तीर्थ स्थल के माता वैष्णो देवी धाम में भी विशेष सजावट की गई है।

धार्मिक आयोजनों के साथ शहर में गरबा महोत्सवों की भी धूम है। अजमेर रोड स्थित अमरकुंज गार्डन में श्री दुर्गा पूजा महोत्सव समिति की ओर से 28वां गरबा महोत्सव मनाया जा रहा है। मिशन ग्राउंड में एफएफडी ग्रुप की ओर से सार्वजनिक घूमर गरबा उत्सव आयोजित किया जा रहा है। शाहपुरा मोहल्ला स्थित गोकुलम गार्डन में गुजराती समाज की ओर से गरबा आयोजन किया जा रहा है।

वहीं, सेंदड़ा रोड स्थित होटल राजमहल परिसर में पांचवीं बार ढोल बाजे गरबा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इन आयोजनों में महिलाएं और युवतियां सज-संवरकर गरबा रास में भाग ले रही हैं। नवरात्र के दौरान धार्मिक आस्था के साथ पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक आयोजनों में भी लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है।

गरबा कार्यक्रमों में महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिटी थाना और साकेत नगर पुलिस थाना की ओर से आयोजन स्थलों पर महिला और पुरुष आरक्षकों की तैनाती की गई है। मंदिरों में पूजा-अर्चना और विभिन्न स्थलों पर गरबा महोत्सवों के आयोजन के बीच ब्यावर में नवरात्र का उत्सव धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ जारी है।

Next Story