ब्यावर। राजकीय नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत सोमवार को नगर परिषद के सभापति पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड संख्या 27 से निर्वाचित पार्षद एवं भाजपा प्रत्याशी पुष्पा बल्दुआ ने वार्ड संख्या 55 से निर्वाचित पार्षद एवं कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश गहलोत को 10 मतों से पराजित कर सभापति पद पर जीत हासिल की।

चुनाव पर्यवेक्षक असलम शेर खान की देखरेख में सुबह 10 बजे कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले बाड़ेबंदी में चल रहे भाजपा के 23 नव निर्वाचित पार्षद बस से नगर परिषद पहुंचे और मतदान किया। इसके बाद कांग्रेस के 20 नव निर्वाचित पार्षद कारों से मतदान के लिए नगर परिषद पहुंचे।

दोपहर साढ़े 12 बजे 13 निर्दलीय पार्षद समूह में मतदान करने नगर परिषद पहुंचे। इसके बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 4 निर्वाचित पार्षदों ने मतदान किया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर डेढ़ बजे मतगणना शुरू की गई।

मतगणना में भाजपा प्रत्याशी पुष्पा बल्दुआ ने 35 मत हासिल किए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश गहलोत को 25 मत मिले। इस तरह बल्दुआ ने गहलोत को 10 मतों से पराजित कर सभापति पद पर जीत दर्ज की।

निर्वाचन अधिकारी (नप) एवं उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ ने भाजपा की विजेता प्रत्याशी पुष्पा बल्दुआ को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। इस चुनाव के साथ ब्यावर नगर परिषद के सभापति पद पर पुष्पा बल्दुआ की जीत दर्ज हुई।

Next Story