वर्षों से अटका भूमि बंटवारा ग्रामीण सेवा शिविर में मात्र 1 घंटे में पूर्ण, विवाद की आशंका समाप्त
ब्यावर जिले में वर्षों से लंबित भूमि बंटवारे का मामला ग्रामीण सेवा शिविर में मात्र 1 घंटे में सुलझा, जिससे पारिवारिक विवाद की आशंका समाप्त हो गई। प्रशासनिक त्वरित कार्रवाई ने ग्रामीणों को चौंका दिया और राहत दी।

ब्यावर के अतीतमण्ड में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पीड़ित ग्रामीण जयसिंह (दाएं से तीसरे) को भूमि बंटवारे के स्वीकृत दस्तावेज सौंपे जाने के दौरान उपस्थित राजस्व टीम।
वर्षों से लंबित खातेदारी भूमि के बंटवारे ने आखिरकार ब्यावर जिले के एक ग्रामीण की चिंता समाप्त कर दी, जब ग्रामीण सेवा शिविर में पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया महज एक घंटे के भीतर पूर्ण कर दी गई। यह मामला जवाजा पंचायत समिति के अतीतमण्ड निवासी जयसिंह पुत्र गोकुल सिंह से जुड़ा है, जो लंबे समय से अपनी भूमि के बंटवारे को लेकर परेशान था।
जयसिंह को भूमि का बंटवारा न होने के कारण कृषि ऋण लेने, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों पर अनुदान तथा पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। संयुक्त खातेदारी के चलते उन्हें अन्य सह-हिस्सेदारों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे न केवल प्रक्रियात्मक देरी हो रही थी बल्कि विवाद और धोखाधड़ी की आशंका भी बनी रहती थी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा 12 जून से प्रत्येक ग्राम पंचायत में शुरू किए गए ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत जब अतीतमण्ड में शिविर आयोजित हुआ, तो जयसिंह ने मौके पर पहुंचकर अपनी समस्या से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी ने तहसीलदार को भूमि बंटवारे की प्रक्रिया पूर्ण कर प्रकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके बाद ब्यावर तहसीलदार ने हल्का पटवारी एवं गिरदावर को आवश्यक कार्यवाही के आदेश जारी किए। राजस्व अधिकारियों ने मौके पर जाकर बंटवारे का प्रस्ताव तैयार किया और उसे शिविर में ही तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इस प्रकार संपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया मात्र एक घंटे में पूरी कर ली गई।
त्वरित समाधान से न केवल भूमि बंटवारे का लंबित मामला समाप्त हुआ, बल्कि संभावित पारिवारिक विवाद की आशंका भी खत्म हो गई। समाधान मिलने के बाद जयसिंह ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जहां आमतौर पर लोग केवल आश्वासन देते हैं, वहीं मुख्यमंत्री ने जमीनी स्तर पर काम कर दिखाया है।
यह घटना ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आई गति और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक उल्लेखनीय उदाहरण बनकर सामने आई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
