ब्यावर में महागणपति चतुर्थी की धूम, मंदिरों में हुआ श्रृंगार और पूजन
प्रसन्न गणपति मंदिर में सिंदूर व स्वर्ण वर्क का चौला चढ़ाया गया, श्रद्धालुओं ने रिद्धि सिद्धि और सार्थ गणपति मंदिरों में मोदक का भोग लगाया।

तस्वीर में दिख रही ब्यावर के मंदिर में भगवान गणेश की पूजा करते पुजारी और उपस्थित श्रद्धालु।
ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। सोमवार को श्री महागणपति चतुर्थी का पर्व शहर में धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। आदि पूज्य महा गणपति की प्रतिमाएं शुभ मुहूर्त में घरों और प्रतिष्ठानों में विधिवत प्रतिष्ठापित की गईं। गणपति मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
सूरजपोल गेट बाहर स्थित प्रसिद्ध प्रसन्न गणपति (बजर बट्टू) मंदिर में पंचामृत अभिषेक के बाद गणपति और भैरव प्रतिमा पर सिंदूर एवं स्वर्ण वर्क का चौला चढ़ाया गया। इसके बाद विग्रह का आकर्षक श्रृंगार किया गया। देर रात तक महिला-पुरुष कतारबद्ध होकर गणपति बप्पा के दर्शन करते रहे।
शाहपुरा मोहल्ला स्थित रिद्धि सिद्धि गणपति मंदिर एवं फतेहपुरिया चौपड़ स्थित श्री सार्थ गणपति मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान गजानन को मोदक का भोग लगाया। दुर्वा, शमी पत्र, गुड़, श्रीफल व पुष्प आदि वस्तुओं से सविधि पूजन-अर्चन किया गया।
गणेश मंदिरों में गणेश अथर्वशीर्ष, गणेश सहस्त्रनाम स्त्रोतम्, श्री गणेश चालीसा और गणेश मंत्रों के पाठ के साथ ‘मोरिया रे बप्पा मोरिया’ तथा ‘तेरा जग है करे गुणगान’ गीत गूंजते रहे। मालियान चौपड़ पर चौपड़ के सेठ का मनभावन भव्य मंडप सजाया गया। इस तरह श्री महागणपति चतुर्थी पर ब्यावर में घरों से लेकर मंदिरों तक गणपति आराधना का क्रम धार्मिक उल्लास के साथ देर रात तक जारी रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
