गांधी-शास्त्री जयंती पर ब्यावर में श्रद्धांजलि, स्वच्छता शपथ के साथ निकली जागरूकता रैली
ब्यावर में गांधी और शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित किए गए, स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।

तस्वीर में ब्यावर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक, अधिकारी और अन्य लोग स्वच्छता एवं श्रमदान की शपथ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
ब्यावर। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को शताब्दी पुरुष, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। चांग गेट बाहर स्थित महात्मा गांधी सर्किल पर नगर परिषद की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने रामधुन और बापू के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमलराम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, नगर परिषद सभापति पुष्पा बल्दुआ, उप सभापति दीक्षांत हरचंदानी और नप आयुक्त कीर्ति कुमावत ने महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित किए।
विधायक शंकर सिंह रावत ने कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट, परिषद कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों को स्वच्छता एवं श्रमदान की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने श्रमदान में भी भाग लिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव, सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे, सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा मंडोवरा, कनिष्ठ अभियंता कपिल गौरा एवं महिला व बाल विकास परियोजना अधिकारी नितेश यादव समेत पार्षद गण मौजूद थे।
वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से भी महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ स्वच्छता, श्रमदान और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

