राष्ट्रीय कृषि आदान एवं राजस्थान कृषि आदान संगठन के आह्वान पर प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर ब्यावर जिला खाद-बीज संगठन ने बड़ा निर्णय लिया है। संगठन से जुड़े जिले के सभी खाद, बीज व उर्वरक विक्रेताओं ने सोमवार को हड़ताल में शामिल होने का ऐलान किया है, जिससे क्षेत्र में कृषि आदान आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहने की संभावना है।

संगठन के जिला अध्यक्ष किशोर तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि हड़ताल के दौरान ब्यावर, जैतारण, रायपुर, मसूदा, बदनौर, विजयनगर व जवाजा सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी विक्रेता अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह हड़ताल किसानों व विक्रेताओं से जुड़े कृषि मंत्रालय के जटिल मुद्दों तथा कानूनी पेचीदगियों में सुधार और सरलीकरण की मांग को लेकर की जा रही है।

इस संबंध में संगठन द्वारा जिला कलक्टर कमलराम मीना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। हड़ताल के समर्थन में संगठन सचिव गोपाल दगदी, कोषाध्यक्ष विनोद मनिहार, उपाध्यक्ष नाथू राम, चम्पालाल परिहार, सतीश दगदी, शंकेष परिहार, राजेंदर टाक, गोपाल भाटी, श्याम तंवर, नरवान चोयल, मनीष नवल, कैलाश सांखला, महेंद्र भाटी, मोहन व किशन पालीवाल समेत सदस्य गणों ने भागीदारी सुनिश्चित करने की घोषणा की है।

यह राष्ट्रव्यापी हड़ताल न केवल कृषि आदान व्यापार से जुड़े तंत्र पर प्रभाव डालेगी, बल्कि किसानों की आवश्यक आपूर्ति पर भी सीधा असर डाल सकती है, जिससे इस आंदोलन की व्यापकता और महत्व स्पष्ट होता है।

Next Story