ब्यावर जिला स्थापना दिवस पर भव्य आयोजन, विकास प्रदर्शनी और रन फॉर ब्यावर ने खींचा ध्यान
ब्यावर जिला स्थापना दिवस पर रन फॉर ब्यावर, विकास प्रदर्शनी और प्रेस वार्ता आयोजित हुई, जहां विकास कार्यों व मांगों पर चर्चा हुई।

तस्वीर में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जिला प्रगति प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि एवं मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शंकर सिंह रावत और जिला कलक्टर कमलराम मीना।
ब्यावर जिले के चतुर्थ स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत सुबह रन फॉर ब्यावर दौड़ के साथ हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह साढ़े 9 बजे कलेक्ट्रेट से विधायक शंकर सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में हरी झंडी दिखाकर रन फॉर ब्यावर दौड़ को रवाना किया। दौड़ भगत चौराहा, सिटी सिनेमा, चांग गेट, पाली बाजार, एकता सर्किल और अजमेरी गेट होते हुए पुन: कलेक्ट्रेट पहुंची। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों को टी-शर्ट वितरित की गई।
इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रगति प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने मुख्य अतिथि के तौर पर फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी का अवलोकन मुख्य अतिथि काबिना मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमलराम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह और नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत ने किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, वृताधिकारी राजेश कुमार कसाना, नगर परिषद के निवर्तमान सभापति नरेश कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, जिला खेल अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार चौधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के परिवीक्षा अधिकारी विशाल सिंह सोलंकी और जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.) अनिल कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
दोपहर एक बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में काबिना मंत्री अविनाश गहलोत ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बीते तीन वर्षों में राज्य सरकार के 19 विभागों की ओर से जिले में कराए गए विकास कार्यों को रेखांकित किया।
जिला कलक्टर कमलराम मीना ने कहा कि मिनी सचिवालय का निर्माण होने के बाद ब्यावर राजस्थान के पांच सर्वश्रेष्ठ जिलों में शुमार होगा। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पहली बार जिला प्रशासन की ओर से ब्यावर डायरी बहुउपयोगी पुस्तिका का प्रकाशन किया गया।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिलेवासियों ने जिला मुख्यालय पर औषध महाविद्यालय, विधि महाविद्यालय, नगर सुधार न्यास और पासपोर्ट (पारपत्र) कार्यालय के सृजन की मांग भी उठाई।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
