ब्यावर-अजमेर राष्ट्रीय उच्च राजमार्ग संख्या 8 पर सदर पुलिस थाना क्षेत्र के खरवा गांव के निकट शुक्रवार मध्य रात्रि भीषण सड़क हादसा हो गया। करीब साढ़े 12 बजे दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत के बाद एक ट्रेलर में आग लग गई। हादसे में केबिन में फंसे चालक की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक इलेक्ट्रिक ट्रेलर ब्यावर से अजमेर की तरफ जा रहा था। खरवा गांव के निकट सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर में भीषण आग लग गई और केबिन में फंसा चालक बाहर नहीं निकल सका। आग की चपेट में आने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नगर परिषद के अग्निशमन केंद्र के सहायक अग्निशमन अधिकारी तारा चंद भट्ट भी दमकल दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और दमकल दल ने मौके पर राहत कार्य किया।

मृतक की पहचान श्री निधि ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रेलर संख्या आरजे36जीबी0840 के चालक देवानंद पुत्र शंकर (50) निवासी दूदू (जयपुर) के रूप में की गई है। सदर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Next Story