ब्यावर: शहीद अग्निवीर युवराज सिंह रावत सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन
Beawar Martyr Agniveer Yuvraj Singh Rawat Cremated With Full Military Honors

जम्मू-कश्मीर के अखनूर में शहीद हुए अग्निवीर युवराज सिंह रावत की पार्थिव देह पर ब्यावर में अंतिम दर्शन के दौरान पुष्पचक्र अर्पित करते सैन्य अधिकारी और प्रशासनिक प्रतिनिधि।
ब्यावर। जिले के जवाजा थाना क्षेत्र के लगेतखेङा निवासी अग्निवीर युवराज सिंह रावत (24) शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। मातृभूमि की रक्षा करते हुए जम्मू-कश्मीर के अखनूर में शहीद हुए युवराज सिंह की पार्थिव देह शुक्रवार को ब्यावर पहुंची, जहां पूरे सैन्य सम्मान और राष्ट्रभक्ति के माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
शहीद युवराज सिंह, प्रताप सिंह रावत के पुत्र थे। उनकी पार्थिव देह को छावनी रोड़ स्थित सैनिक विश्राम गृह में सुसज्जित सैन्य ट्रक में रखा गया। यहां विधायक शंकर सिंह रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल मानवेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, तहसीलदार हनुंत सिंह रावत, पुलिस वृताधिकारी राजेश कुमार कसाना, पूर्व विधायक देवीशंकर भूतङा तथा भूतपूर्व सैनिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी।
इसके बाद शहीद युवराज सिंह की पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां हजारों ग्रामीणों और युवाओं की मौजूदगी में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। हाथों में तिरंगा ध्वज थामे ग्रामीणों और युवाओं ने “भारत माता की जय” तथा “युवराज सिंह अमर रहे” के नारों से पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
बताया गया कि अग्निवीर युवराज सिंह की तीन माह बाद भारतीय थल सेना में सैनिक के रूप में स्थायी नियुक्ति होने वाली थी। इससे पहले ही वे बुधवार को जम्मू-कश्मीर के अखनूर में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। युवराज सिंह की शहादत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं उनके सैन्य सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार ने हर आंख को नम कर दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
