दौसा में तड़के 4 बजे पुलिस का बड़ा एक्शन, 58 टीमों ने 285 ठिकानों पर दी दबिश
दौसा में सुबह 4 बजे शुरू हुए एरिया डोमिनेशन अभियान में 58 पुलिस टीमों ने 285 ठिकानों पर दबिश देकर 45 अपराधियों को गिरफ्तार किया।

तस्वीर में जयपुर में आयोजित बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक परीक्षा के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी और निरीक्षण अधिकारी व्यवस्था का जायजा लेते हुए नजर आ रहे हैं।
दौसा में शनिवार, 22 अगस्त को अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक साथ बड़े स्तर पर एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। जयपुर रेंज महानिरीक्षक पुलिस श्री राहुल प्रकाश के निर्देशानुसार और दौसा जिला पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष दीक्षित के पर्यवेक्षण में सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले 10 घंटे के विशेष तलाशी एवं छापेमारी अभियान में 230 पुलिसकर्मियों की 58 अलग-अलग टीमों ने जिले के 285 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
अभियान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 45 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें 28 अभियुक्त महिला अत्याचार, जघन्य एवं सामान्य अपराधों में वांछित, हार्डकोर अपराधी, हिस्ट्रीशीटर, स्थायी वारंटी, ईनामी अपराधी, आर्म्स एक्ट, अवैध शराब तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा 17 अन्य व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत निवारक कार्रवाई के रूप में गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान अवैध खनन का एक प्रकरण भी दर्ज किया गया।
पूरे अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शंकर लाल मीणा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट श्री विनोद कुमार सीपा ने किया। जिले के सभी वृत्ताधिकारियों, थानाधिकारियों, डीएसटी, क्यूआरटी और आरएसी के जवानों ने रणनीति के तहत अपराधियों के ठिकानों को एक साथ घेरा और सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना तथा अपराधियों के महिमामंडन और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा कसना है।
गिरफ्तार बदमाशों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य पूछताछ के जरिए उनकी आगामी आपराधिक योजनाओं का पता लगाकर उन्हें विफल करना और जिले में गैंगवार तथा संगीन अपराधों पर पूरी तरह रोक लगाना है। 10 घंटे तक चले इस अभियान में 285 ठिकानों पर एक साथ हुई कार्रवाई से पुलिस की अपराधियों के खिलाफ सघन निगरानी और कार्रवाई की रणनीति सामने आई।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
