बाड़मेर में जमीन के नीचे छिपी 8.202 किलो अफीम बरामद, आरोपी गिरफ्तार
बाड़मेर में एएनटीएफ ने बैर के पेड़ के नीचे जमीन में छिपाई 8.202 किलो अफीम बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

तस्वीर में पुलिस दल जब्त पैकेटों के साथ खेत में खड़ा है।
नशा मुक्त राजस्थान-2029’ के संकल्प को साकार करने के लिए मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एएनटीएफ का अभियान लगातार तेज हो रहा है। बाड़मेर में एएनटीएफ ने दो दिन के भीतर लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन में गड्ढा खोदकर बैर के पेड़ के नीचे छिपाकर रखी गई 7.186 किलोग्राम अफीम का दूध और 1.016 किलोग्राम विनिर्मित अफीम बरामद की। जब्त मादक पदार्थ की कुल मात्रा 8.202 किलोग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
महानिरीक्षक पुलिस एएनटीएफ श्री विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री दिनेश एमएन के मार्गदर्शन और निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बाड़मेर जिले के बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र में एएनटीएफ ने यह कार्रवाई की।
आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ ने बाड़मेर में दो दिन पूर्व भी जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाई गई अफीम, विनिर्मित अफीम और डोडा-चूरा की बड़ी खेप बरामद की थी। इसके बाद टीम ने बाड़मेर में तस्करों के उन ठिकानों पर भी नजर बढ़ाई, जहां मादक पदार्थों को पुलिस से बचाने के लिए जमीन के नीचे छिपाकर रखा जाता है।
इसी क्रम में एएनटीएफ को सूचना मिली कि जुनेजा मेहरों की बस्ती, हरियाली ग्राम पंचायत भाड़खा में मोडाराम पुत्र मुलाराम अपने घर और खेत में अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त करता है तथा भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखे हुए है।
पुख्ता सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम मोडाराम के घर के पास पहुंची। वहां खेत में एक व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोडाराम पुत्र मुलाराम प्रजापत बताया, लेकिन घबराने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पाया।
एएनटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर सूचना साझा की और पुलिस को मौके पर बुलाया। इसके बाद एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घर एवं खेत की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैर के पेड़ के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाई गई अफीम और विनिर्मित अफीम बरामद हुई।
आरोपी ने मादक पदार्थ को घर में रखने के बजाय खेत में बैर के पेड़ के नीचे गड्ढा खोदकर छिपा रखा था और उसके ऊपर मिट्टी डाल दी थी। उसे उम्मीद थी कि जमीन के नीचे छिपाने से यह खेप पुलिस की नजर से बच जाएगी, लेकिन एएनटीएफ के मजबूत सूचना तंत्र और सतर्कता के चलते उसका यह तरीका काम नहीं आया।
आईजी कुमार ने कहा कि मादक पदार्थ तस्कर पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। अब तस्कर मादक पदार्थों को घरों के अलावा खेतों, सुनसान स्थानों और जमीन के अंदर छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। एएनटीएफ ऐसे तरीकों की पहचान कर अपनी कार्रवाई उसी के अनुरूप आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि एएनटीएफ की कार्रवाई अब केवल सड़क पर पकड़ी जाने वाली खेप तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों को छिपाने वाले ठिकानों और उनके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर भी जोर दिया जा रहा है। तस्कर नशे को जमीन के नीचे भी छिपाएंगे तो एएनटीएफ की नजर से बच नहीं पाएंगे।
इस कार्रवाई में एएनटीएफ टीम और थाना बाड़मेर ग्रामीण पुलिस की विशेष भूमिका रही।
महानिरीक्षक पुलिस एएनटीएफ श्री विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को विशेष कार्यक्रम के दौरान एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।
एएनटीएफ ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी अपराधी से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल एएनटीएफ को दें। सूचना एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष 0141-2502877 तथा व्हाट्सऐप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की गोपनीयता का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा।

