अपराध से अर्जित धन-संपत्ति के जरिए आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत बारां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पुलिस ने नवीन आपराधिक कानूनों के तहत अपराध की कमाई से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की। विभिन्न मामलों में 07 ट्रैक्टर, 11 मोटरसाइकिल, 16 कार, 06 पक्के मकान, कृषि भूमि, मोबाइल फोन और बैंक खातों में जमा राशि सहित कुल करीब 3 करोड़ 21 लाख 79 हजार 814 रुपये की संपत्ति कार्रवाई के दायरे में लाई गई है।

पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि अंता क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। धोखाधड़ी से अपराध की कमाई अर्जित करने वाले शुभम गोस्वामी और भगवान प्रसाद के नाम से 11 कार, 3 मोटरसाइकिल और 1 ट्रैक्टर, करीब 37.50 लाख रुपये मूल्य के वाहनों तथा करीब 50 लाख रुपये के पक्के मकान को कार्रवाई में शामिल किया गया। वहीं, महेन्द्र मोंग्या के मामले में 2 ट्रैक्टर, 1 कार, 1 मोटरसाइकिल, करीब 15 लाख रुपये का मकान और करीब 40 लाख रुपये की कृषि भूमि चिन्हित की गई।

अवैध सट्टा और मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। अटरू थाना क्षेत्र में सुरेन्द्र राठौर द्वारा सट्टे की खाईवाली से अर्जित राशि के मामले में बैंक खाते में जमा 68,273 रुपये, करीब 60 हजार रुपये की मोटरसाइकिल और करीब 50 लाख रुपये के मकान को कार्रवाई में शामिल किया गया। इसके अलावा पत्नी के खाते में जमा 38,191 रुपये तथा भाई के नाम पंजीकृत करीब 10 लाख रुपये की कार को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया।

मांगरोल में आरोपी अंकित सुमन द्वारा गांजा तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई करीब 7.30 लाख रुपये की कार व मोटरसाइकिल तथा 12 लाख रुपये के मकान के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा मांगरोल में राजेन्द्र वैष्णव की अपराध से अर्जित संपत्ति में 2 ट्रैक्टर और 2 पक्के मकान शामिल किए गए।

सारथल में हंसराज व उसके परिजनों के नाम की करीब 40 लाख रुपये की चल संपत्ति, केलवाड़ा में आरोपी मुकेश कुमार आहेड़ी की करीब 50 हजार रुपये की मोटरसाइकिल तथा कवाई में आरोपी नरेश कुमार नायक का करीब 7,500 रुपये का मोबाइल फोन भी कार्रवाई में शामिल किया गया।

हरनावदाशाहजी क्षेत्र में चार आरोपियों दिनेश मीणा, बिन्टू मीणा, बाबूलाल मीणा और गोलू मीणा के कब्जे से अपराध से अर्जित करीब 7.15 लाख रुपये की चल संपत्ति जब्त की गई।

बारां पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों द्वारा अपराध से अर्जित धन और संपत्ति को दोबारा आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल करने से रोकना और उनके आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story