बारां पुलिस ने सट्टे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 वर्षों से सक्रिय कुख्यात सट्टा कारोबारी रईस उर्फ रहीस उर्फ अब्दुल रईस अंसारी और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित 96 लाख 97 हजार 245 रुपये की अवैध संपत्ति एवं बैंक खातों को फ्रीज कर दिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देशन में जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मोठपुर पुलिस ने की।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी अटरू रामानंद यादव के निर्देशन में थानाधिकारी देवकरण चौधरी एवं उनकी टीम ने अंजाम दी। जांच में सामने आया कि ग्राम बड़ौरा निवासी रईस अंसारी वर्ष 2002 से लगातार सट्टे की खाईवाली कर रहा था। उसके विरुद्ध थाना मोठपुर में आरपीजीओ एक्ट के तहत 11 प्रकरण दर्ज हैं और वह सभी मामलों में सजायाफ्ता है।

वित्तीय जांच में खुलासा हुआ कि 56 वर्षीय रईस अंसारी के पास आजीविका का कोई वैध या स्थायी व्यावसायिक साधन नहीं था, इसके बावजूद उसने भोले-भाले लोगों को सट्टे के अंकों के जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने यह रकम अपनी पत्नी और बेटे के बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी।

जांच में पाया गया कि उसकी पत्नी सलमा एक साधारण गृहणी है और उसके पास आय का कोई स्वतंत्र स्रोत नहीं है। इसके बावजूद उसके नाम पर विभिन्न बैंकों में पांच फिक्स्ड डिपॉजिट और एक सेविंग अकाउंट मिला, जिनमें कुल 4,64,836.60 रुपये जमा थे। पुलिस के अनुसार यह पूरी राशि रईस और उसके बेटे द्वारा सट्टे से अर्जित धन से जमा कराई गई थी।

रईस का बेटा शाहिद अहमद पूरी तरह बेरोजगार है, लेकिन वर्ष 2019 से 2026 के बीच उसके खातों में लगभग दो करोड़ रुपये का बाहरी क्रेडिट मिला। उसके एक बैंक खाते में 1,15,57,876.95 रुपये क्रेडिट और 1,15,02,991.37 रुपये डेबिट हुए, जबकि दूसरे खाते में 1,00,78,965 रुपये क्रेडिट और 1,00,75,219.24 रुपये डेबिट पाए गए।

पुलिस ने वर्तमान में परिवार के नाम पर मौजूद 14 फिक्स्ड डिपॉजिट, जिनमें 69,44,361 रुपये जमा हैं, तथा नौ सेविंग अकाउंट्स में उपलब्ध 27,52,984.40 रुपये सहित कुल 96,97,245 रुपये की राशि को आधिकारिक तौर पर फ्रीज करवा दिया।

जांच के दौरान सट्टे की काली कमाई से अर्जित अचल संपत्तियों और वाहनों की भी पहचान की गई। रईस अंसारी ने ग्राम बड़ौरा के माल क्षेत्र में कुल 1.45 हेक्टेयर कृषि भूमि में से आधा हिस्सा अपने नाम खरीदा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है। इसके अलावा उसने 5 मार्च 2025 को ग्राम पंचायत बड़ौरा से एक भूखंड का पट्टा प्राप्त कर उस पर भव्य दो मंजिला मकान का निर्माण कराया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रईस ने सट्टे की अवैध कमाई से अपनी गृहणी पत्नी सलमा के नाम 35×50 आकार का प्लॉट खरीदा और उस पर पक्का एक मंजिला मकान बनवाया। इसी अवैध धन से उसने एक मारुति सुजुकी इको 5-स्टार एसी कार और एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी खरीदी।

बारां पुलिस की यह कार्रवाई अवैध सट्टा कारोबार के आर्थिक नेटवर्क पर सीधा प्रहार मानी जा रही है। जांच में सामने आए वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, अचल संपत्तियों और लग्जरी वाहनों को चिन्हित कर पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर भी कानूनी शिकंजा लगातार कसता रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story