बाराबंकी जिले में फतेहपुर-देवा मार्ग पर रविवार को ई-ऑटो और पिकअप की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा देवा थाना क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना में ई-ऑटो सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को ई-ऑटो (यूपी 32 टीटी 6911) फतेहपुर की ओर से देवा जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप (यूपी 34 डीटी 8974) से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-ऑटो में सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उपचार के दौरान एक महिला ने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में मृतकों की पहचान सीतापुर जनपद के थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र के ग्राम मालनपुरवा निवासी राजकुमार उर्फ उस्मान (29) पुत्र सुरजीत चौहान और रामविलास (24) पुत्र बुद्धू निषाद के रूप में हुई है। तीसरी मृतका बाराबंकी जिले के थाना बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम जगायपुर निवासी सोनी (35) पत्नी जितेंद्र हैं।

दुर्घटना में अयोध्या निवासी जितेंद्र (38), सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र के रामपुर निषाद निवासी प्रवेश, अपनापुर निवासी रणधीर (35) पुत्र राम सिंह यादव और रिंकू यादव (27) पुत्र दर्शन यादव घायल हुए हैं। इनके अलावा बाराबंकी के फतेहपुर स्थित नई बस्ती कटरा निवासी ई-ऑटो चालक मैनुद्दीन (22) भी घायल हुआ है। सभी पांच घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

पुलिस ने पिकअप चालक अंकित मौर्य को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे में तीन लोगों की जान जाने और पांच लोगों के घायल होने के बाद पुलिस तथा प्रशासन की ओर से राहत एवं उपचार की कार्रवाई जारी है।

Next Story