जिले की बार थाना पुलिस ने सघन नाकाबंदी अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी जब्त की है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोमवार देर शाम जसवंतपुरा पथ कर प्लाजा के निकट की गई ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी के दौरान की।

पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर कार संख्या आरजे06सीएफ8398 को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे दो बैगों से 17 किलो 480 ग्राम चांदी के गहने, 350 ग्राम सोने के आभूषण तथा 2 लाख 32 हजार 500 रुपये नकद बरामद हुए। वाहन में सवार कमलेश कुमार पुत्र महावीर प्रसाद सोनी (31), निवासी संग्रामगढ़ (भीलवाड़ा), इन आभूषणों और नकदी का परिवहन कर रहा था।

मंगलवार को वृत्ताधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, आईपीएस ने बताया कि बरामद किए गए सोने-चांदी के आभूषणों एवं नकदी के संबंध में संबंधित व्यक्ति कोई आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस कारण भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 106 के तहत उक्त माल को जब्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि वाहन चालक कार के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके चलते केंद्रीय मोटर यान अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार को भी जब्त कर लिया गया है।

इस कार्रवाई में बार थानाधिकारी समजिदा बानू के नेतृत्व में आरक्षक राजूराम, बीरबल, रामप्रसाद और सुखदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रेस वार्ता के दौरान मसूदा वृत्ताधिकारी शिवराज सिंह भी उपस्थित रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध रूप से मूल्यवान सामान के परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जब्त किए गए आभूषणों, नकदी और वाहन के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Story