बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने 119वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, जयपुर में वॉकथॉन, पौधरोपण और CSR कार्यक्रम आयोजित
बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने जयपुर में 119वां स्थापना दिवस वॉकथॉन, पौधरोपण, नई शाखा के शुभारंभ, CSR गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया।

तस्वीर में बैंक ऑफ़ बड़ौदा के जयपुर अंचल कार्यालय परिसर में 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान महाप्रबंधक सुश्री परिमिता मिश्रा और अन्य अधिकारी नजर आ रहे हैं।
बैंक ऑफ़ बड़ौदा के अंचल कार्यालय, जयपुर द्वारा बैंक का 119वां स्थापना दिवस विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बैंक ने कार्यालय स्थल से जवाहर सर्किल, पत्रिका गेट तक वॉकथॉन का आयोजन किया। इसके साथ ही मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रकार के पेड़ों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान बैंक की महाप्रबंधक सुश्री परिमिता मिश्रा ने कहा कि “दिनांक 20 जुलाई, 1908 को गुजरात के एक छोटे से स्थान मांडवी, बड़ौदा से अपनी स्थापना के बाद से बैंक ऑफ़ बड़ौदा लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते हुए आज भारत के एक अंतरराष्ट्रीय बैंक के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।” उन्होंने ग्राहकों को श्रेष्ठ बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने का आह्वान करते हुए बैंक की मजबूत स्थिति के लिए सभी स्टाफ-सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक की इंदिरा गांधी नगर शाखा के नए परिसर का शुभारंभ बैंक की महाप्रबंधक सुश्री परिमिता मिश्रा के कर कमलों द्वारा किया गया। इसी विशेष दिवस पर बैंक ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत रामनगरिया स्थित सुभाष चंद्र बोस उच्च माध्यमिक विद्यालय में कूलर, आरओ, वाटर कूल सहित अन्य उपयोगी सामग्री भी भेंट की।
कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक एवं प्रमुख, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, राजस्थान श्री राज कुमार मीना, उप महाप्रबंधक (व्यवसाय विकास) श्री अतुल कुमार कर्ण, उप महाप्रबंधक (अनुपालन एवं आश्वासन) सुश्री रुचि शिवलिहा, उप महाप्रबंधक, जयपुर क्षेत्र श्री देबाशीष बक्शी, सहायक महाप्रबंधक श्री अनुज अवस्थी, अमित कुमार तिवारी, श्री गुरूविंदर सिंह, श्री संदीप गुप्ता सहित बैंक के अन्य कार्यपालक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शाम को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, झालाना में स्टाफ-सदस्यों के सहयोग से सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बैंक की पूर्व कार्यपालक निदेशक सुश्री पापिया सेन गुप्ता तथा श्री विक्रमादित्य सिंह खींची सहित कई सेवानिवृत्त कार्यपालक एवं अधिकारीगण भी आमंत्रित रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सामाजिक, पर्यावरणीय और संस्थागत गतिविधियों ने बैंक की सेवा, सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
