बांगड़ नगर: श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर का 26वां वार्षिक उत्सव संपन्न
स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज की कृष्ण नीति दर्शन कथा के समापन पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की।

आध्यात्मिक चेतना और भक्ति के संगम के साथ बांगड़ नगर स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर का 26वां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्री सीमेंट लिमिटेड के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन के अंतिम दिन राष्ट्र संत स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज के सान्निध्य में चल रही चार दिवसीय 'कृष्ण नीति दर्शन कथा' की रविवार को विधि-विधान से पूर्णाहुति हुई। इस धार्मिक अनुष्ठान में राजनीति, प्रशासन और कॉर्पोरेट जगत की शीर्ष हस्तियों ने शिरकत कर कथा का श्रवण किया।
आयोजन के मुख्य आकर्षण के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने शिरकत की। उनके साथ हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य, पूर्व मंत्री यूनुस खां, विधायक शंकर सिंह रावत और मसूदा विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत भी मौजूद रहे। कंपनी के मानद अध्यक्ष बीजी बांगड़, अध्यक्ष एचएम बांगड़, उपाध्यक्ष प्रशांत बांगड़, प्रबंध निदेशक नीरज अखौरी सहित संजय मेहता, अरविंद खींचा, इकाई प्रमुख विकाश सिंघल, मानव संसाधन विकास विभाग प्रमुख देवेंद्र माथुर, आरएन डाणी, ज्योति स्वरूप गट्टानी और सुनील कुमार सिंह ने भी इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रशासनिक और रेलवे अधिकारियों में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ और अजमेर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा सहित कई गणमान्य जन इस अवसर के साक्षी बने। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः साढ़े नौ बजे मंदिर परिसर से निकाली गई भव्य 'हनुमान रथ यात्रा' से हुआ, जिसने पूरे बांगड़ नगर का भ्रमण किया। इसके पश्चात मंदिर के गर्भगृह में हवन एवं देवा पूजन का शास्त्रीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने कृष्ण नीति के माध्यम से जीवन दर्शन का सार प्रस्तुत किया, जिसकी पूर्णाहुति महाआरती के साथ हुई। कथा के उपरांत मंदिर और कथा पंडाल में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
