गिड़ा में 1.10 करोड़ की लागत से बना बीसीएमओ कार्यालय भवन शुरू, मंत्री कुमावत ने किया लोकार्पण
गिड़ा में 1.10 करोड़ के बीसीएमओ कार्यालय भवन का लोकार्पण, मंत्री जोराराम कुमावत ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कही बड़ी बात।

तस्वीर में मंत्री जोराराम कुमावत गिड़ा स्थित बीसीएमओ कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन करते हुए।
बालोतरा जिले के बायतू विधानसभा क्षेत्र के गिड़ा मुख्यालय पर शनिवार, 18 जुलाई को नवनिर्मित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (बीसीएमओ) कार्यालय भवन का भव्य लोकार्पण किया गया। राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर और पट्टिका का अनावरण कर भवन का उद्घाटन किया।
जिला प्रभारी मंत्री श्री कुमावत ने बताया कि वर्ष-2023 में गिड़ा में नया बीसीएमओ कार्यालय स्वीकृत हुआ था। प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए बीसीएमओ कार्यालय का अस्थाई संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा था। अब गिड़ा में करीब 1.10 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित बीसीएमओ कार्यालय भवन तैयार होने से ब्लॉक स्तर के चिकित्सा अधिकारियों और प्रशासनिक स्टाफ को कार्य करने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
नए कार्यालय भवन के शुरू होने से क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की मॉनिटरिंग अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी। इससे सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सीधे और त्वरित रूप से आम जनता तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी। इस बीसीएमओ कार्यालय के अधीन दो सीएचसी, 8 पीएचसी व 43 सब सेंटर संचालित हो रहे हैं।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान जिला प्रभारी मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने वर्ष-2023 में स्वीकृत हुए सिमाणियों की ढाणी और जगराम की ढाणी में निर्मित स्वास्थ्य उप केंद्रों के नए भवनों का भी उद्घाटन किया। बीसीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों सब सेंटर्स के भवन निर्माण पर 55-55 लाख रुपए की लागत आई है। पिछले करीब तीन वर्ष से दोनों स्वास्थ्य उप केंद्र इन गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित हो रहे थे।
लोकार्पण के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गिड़ा में नवनिर्मित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के शुरू होने से पूरे बायतू और गिड़ा क्षेत्र के चिकित्सा ढांचे को नया बल मिलेगा।
मंत्री कुमावत ने कहा कि अब स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर मॉनिटरिंग और सुव्यवस्थित संचालन संभव हो सकेगा। सरकार चिकित्सा, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज या प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
लोकार्पण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, बालोतरा के भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी, जिला महामंत्री चनणाराम बेरड़ व बालाराम बावरी, पाटोड़ी पंचायत समिति के प्रधान प्रतिनिधि जोगेंद्र प्रजापत, बायतू के भाजपा प्रत्याशी बालाराम मूंड, भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोविंद सिंह, गिड़ा के मण्डल अध्यक्ष देवाराम मूंड, प्रजापति समाज बालोतरा-बाड़मेर के जिलाध्यक्ष चम्पालाल गोयल, बालोतरा नगरपालिका के निवर्तमान पार्षद बाबूलाल, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रहलाद मेघवाल, प्रशासक जसू कंवर, पाटोदी के पूर्व मण्डल अध्यक्ष गेनाराम प्रजापत और मण्डल अध्यक्ष सवाई सिंह भाटी सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्थानीय ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों एवं ग्रामीणों की ओर से साफा व माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गिड़ा में नए बीसीएमओ कार्यालय और स्वास्थ्य उप केंद्रों के लोकार्पण से क्षेत्रीय स्वास्थ्य व्यवस्था को स्थानीय स्तर पर मजबूत आधार मिलने की उम्मीद जताई गई।

