आकोला नगरपालिका क्षेत्र के ग्राम भान्याखेड़ी में राजस्थान किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट के आगमन पर ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और सरकारी डेयरी में दूध देने को लेकर किसानों एवं ग्रामीणों को कई संकल्प दिलाए गए।

गांव में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने 251 पौधे लगाने का अभियान शुरू किया। पौधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि बद्रीलाल जाट ने स्वयं पौधा लगाकर की।

किसानों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट ने जैविक एवं देशी खाद के प्रयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों से बचने के लिए यूरिया और डीएपी जैसे रासायनिक उर्वरकों का त्याग करना होगा।

किसानों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने आगामी गेहूं की फसल में केवल जैविक और गोबर की खाद का उपयोग करने का संकल्प दिलाया। जाट ने किसानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि शुरुआत के 1-2 साल में पैदावार में केवल एक-दो बोरी का मामूली अंतर आ सकता है, लेकिन 3 साल बाद जमीन की उर्वरता में जबरदस्त सुधार होगा और पैदावार बढ़ जाएगी।

यूरिया-डीएपी छोड़कर जैविक खेती अपनाने का संकल्प लेने वाले 14 किसानों को जाट ने भरोसा दिलाया कि यदि जैविक खेती के कारण पैदावार में कोई नुकसान होता है तो उसकी भरपाई वे अपनी पेंशन से करेंगे।

जाट ने पशुपालकों और किसानों से अपना संपूर्ण दूध केवल सरकारी डेयरी में ही बेचने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यदि गांव से दूध का संकलन निरंतर बढ़ता है तो भान्याखेड़ी गांव में बीएमसी (Bulk Milk Cooler) की सुविधा शुरू करवाई जाएगी।

अभिनंदन और जागरूकता कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष भेरूलाल जाट, पूर्व कृषि अधिकारी सत्येंद्र गौड़, पूर्व युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पिंटू छिपा, नगर उपाध्यक्ष योगेंद्र गिरी गोस्वामी, नगर मंडल महामंत्री भगवती लाल सेन, जगदीश चंद्र जाट, रतनलाल जाट, मुकेश जाट, हीरालाल जाट, मोहन दास, बालू दास, केशूलाल पुरबिया, नंदलाल गाडरी और रामेश्वर लाल बंजारा सहित अनेक स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में 251 पौधों के रोपण, 14 किसानों के जैविक खेती अपनाने के संकल्प और सरकारी डेयरी में दूध देने के आह्वान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा कृषि-पशुपालन से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों के बीच जागरूकता का संदेश दिया गया।

Updated On
Nandlal Teli, Chittorgarh

Nandlal Teli, Chittorgarh

प्रातःकाल संवाददाता

परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

कवरेज और विशेषज्ञता:

वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Next Story