जयपुर, 10 जून। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव 11 जून 2026 को एक दिवसीय जयपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रसारण, शिक्षा, तकनीकी विकास और राष्ट्रीय संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का हिस्सा बनेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री प्रातः 8 बजकर 15 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे प्रातः 9:30 बजे से 10:30 बजे तक आकाशवाणी केंद्र जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान श्री वैष्णव वर्चुअल माध्यम से जैसलमेर के रामगढ़ में स्थापित 20 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रसार भारती के अध्यक्ष श्री प्रसून जोशी भी उपस्थित रहेंगे।

आकाशवाणी केंद्र के कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) जयपुर पहुंचेंगे। यहां उनका कार्यक्रम सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 12 बजकर 45 मिनट तक निर्धारित है।

इसके उपरांत दोपहर 1 बजे श्री वैष्णव कृषि अनुसंधान केंद्र, जयपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन के दौरान वे वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त उनके कुछ अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने का भी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा प्रसारण अवसंरचना, तकनीकी शिक्षा और विकसित भारत की अवधारणा से जुड़े कार्यक्रमों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाले इस दौरे पर प्रशासनिक और संस्थागत गतिविधियों की विशेष नजर रहेगी।

Next Story