भारत की पहली बुलेट ट्रेन ने पकड़ी रफ्तार, बेंगलुरु में B28 के निर्माण कार्य का रेल मंत्री ने लिया जायजा
केंद्रीय रेल मंत्री ने बेंगलुरु की आदित्य यूनिट में कारबॉडी असेंबली, स्क्वीज टेस्ट और HVAC समेत प्रमुख प्रणालियों की मजबूती और गुणवत्ता मानकों का निरीक्षण किया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बेंगलुरु की आदित्य यूनिट में सुरक्षा हेलमेट पहने मीडिया को संबोधित करते हुए।
भारत की पहली बुलेट ट्रेन का निर्माण अब आकार लेने लगा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु स्थित 'आदित्य' (ADITYA) निर्माण इकाई में भारत में बन रही बुलेट ट्रेन-B28 के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण प्रक्रिया, आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं और ट्रेन के विभिन्न महत्वपूर्ण हिस्सों का निरीक्षण किया।
रेल मंत्री ने निर्माण इकाई में उपलब्ध विशेष बुनियादी ढांचे का जायजा लिया। इसमें कारबॉडी के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सटीक इंजीनियरिंग आधारित 'जिग्स और फिक्स्चर' (Jigs and Fixtures) भी शामिल रहे। उन्होंने अंडरफ्रेम, साइडवॉल, रूफ असेंबली, कार असेंबली, सतह की तैयारी और ट्रीटमेंट सहित उत्पादन के प्रमुख चरणों का निरीक्षण किया। हाई-स्पीड रेल संचालन के लिए आवश्यक सटीकता, मजबूती और गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने में इन उन्नत निर्माण प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस दौरान अश्विनी वैष्णव ने 'स्क्वीज टेस्ट' (Squeeze Test) का प्रदर्शन भी देखा। गुणवत्ता सुनिश्चित करने की इस प्रक्रिया में ट्रेन की कारबॉडी पर नियंत्रित दबाव (Compressive/Tensile Forces) डाला जाता है। इसके माध्यम से कारबॉडी की संरचनात्मक मजबूती, कठोरता और आकार की स्थिरता का परीक्षण किया जाता है।
रेल मंत्री ने बुलेट ट्रेन में यात्रियों के लिए तैयार की जा रही सीटों का भी निरीक्षण किया। इसमें हाई-स्पीड यात्रा के दौरान यात्रियों को मिलने वाले आराम और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने ट्रेन के प्रमुख सिस्टम और पुर्जों की समीक्षा की, जिनमें हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (HVAC) सिस्टम, कपलर तथा ट्रेन के अन्य उपकरण और असेंबलियां शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइड मॉड्यूल और रूफ मॉड्यूल के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। इसके बाद इन मॉड्यूल के इंटीग्रेशन और असेंबली की प्रक्रिया का जायजा लिया। बेंगलुरु की आदित्य निर्माण इकाई में बुलेट ट्रेन-B28 के निर्माण से जुड़े इन विभिन्न चरणों की समीक्षा भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के निर्माण कार्य में हो रही प्रगति को दर्शाती है।

