जयपुर, 2 अप्रैल। राजस्थान आवासन मंडल के आयुक्त पद का कार्यभार भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री अरविंद पोसवाल ने संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन के आशियाने के सपने को साकार करना आवासन मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

परियोजनाओं की समीक्षा और कार्यभार ग्रहण

आवासन आयुक्त श्री अरविंद पोसवाल ने मंडल के मुख्यालय आवास भवन में आयुक्त का कार्यभार संभाला। इस दौरान सचिव श्री गोपाल सिंह ने आयुक्त को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दी। पदभार ग्रहण करने के बाद श्री पोसवाल ने मुख्यालय पर पदस्थापित अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक लेकर चल रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी ली। इससे पूर्व संबंधित अधिकारियों ने प्रदेश और जयपुर में चल रही विभिन्न परियोजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। आवासन आयुक्त ने विलंब से चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से योजना बनाकर पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।

टीम भावना से कार्य करने पर जोर

श्री पोसवाल ने मंडल टीम द्वारा पिछले वर्षों में किए गए बेहतरीन कार्यों के लिए बधाई दी और इस गति को निरंतर बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि "आवासन मंडल ने गुणवत्तायुक्त और समयबद्ध तरीके से कार्य करते हुए आमजन का विश्वास पाया है। सभी अधकारिगण इस विश्वास को बरकरार रखें।" उन्होंने आगे कहा कि "टीम भावना के साथ काम करते हुए ही हम आवासन मंडल की हमारा प्रयास-सबको आवास थीम को मजबूत करते हुए आमजन को सुविधा संपन्न और गुणवत्ता युक्त आवास उपलब्ध करा सकते हैं।"

आवास भवन का निरीक्षण और आगामी रणनीति

आवासन आयुक्त ने गुरुवार को ही आवास भवन का निरीक्षण किया एवं मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं और प्रकोष्ठों में कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। आमजन के आशियाने का सपना साकार करना रहेगी प्राथमिकता : आवासन आयुक्त के संदेश के साथ उन्होंने कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के संकेत दिए। इस अवसर पर मुख्य संपदा अधिकारी श्री अशोक कुमार, मुख्य अभियंता श्री अमित अग्रवाल, श्री तेजवीर सिंह मीणा, श्री प्रतीक श्रीवास्तव सहित अतिरिक्त मुख्य अभियंता और आवासीय अभियंता स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story