राहुल गांधी पर डॉ अरूण चतुर्वेदी का तीखा हमला, बोले- विपक्ष पेपरलीक की आड़ में अराजकता और हंगामा फैला रहा
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ अरूण चतुर्वेदी ने राहुल गांधी और संपूर्ण विपक्ष पर पेपरलीक के मुद्दे पर राजनीति, अराजकता फैलाने और प्रधानमंत्री आवास पर धरने को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस, अशोक गहलोत और सचिन पायलट का भी उल्लेख करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।

तस्वीर में बाईं ओर डॉ. अरुण चतुर्वेदी और दाईं ओर एक अन्य व्यक्ति जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जयपुर, 23 जुलाई 2026। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ अरूण चतुर्वेदी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित संपूर्ण विपक्ष के रवैये पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष ने देश में अराजकता का माहौल बना रखा है। उन्होंने कहा कि सदन और प्रधानमंत्री आवास के बाहर बैठकर धरना देना निंदनीय है तथा कांग्रेस का यह आचरण लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। उनके अनुसार परीक्षा लीक जैसे गंभीर विषय पर राहुल गांधी सहित संपूर्ण विपक्ष सदन में चर्चा नहीं करना चाहता, बल्कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल हंगामा खड़ा करना है।
डॉ अरूण चतुर्वेदी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम से यह स्पष्ट हो गया है कि राहुल गांधी हंगामा करने और अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेपरलीक के मुद्दे पर कांग्रेस की राजनीति पर "100—100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली" वाली कहावत चरितार्थ होती है।
उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से यह स्पष्ट करने की मांग की कि विपक्ष दंगाइयों, आंदोलनकारियों, हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने वाले तथा अराजक तत्वों के साथ है या फिर लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले और कानून सम्मत कार्य करने वालों के साथ। डॉ चतुर्वेदी ने कहा कि राहुल गांधी ने यूपीए सरकार के कार्यकाल में अध्यादेश फाड़ने का कार्य किया था और अब लोकतंत्र को फाड़ने तथा उसके चिथड़े-चिथड़े करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में पेपरलीक के नाम पर राजनीति की जा रही है और व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि राहुल गांधी के साथ संपूर्ण विपक्ष प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ शर्मसार करने वाला कृत्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब तक किसी भी प्रधानमंत्री के कार्यकाल में विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री आवास पर धरना नहीं दिया और पहली बार राहुल गांधी ने ऐसा किया है। डॉ चतुर्वेदी ने इस कृत्य की घोर भर्त्सना करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार और बार-बार सदन की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं।
डॉ अरूण चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेपरलीक के मुद्दे पर सदन में चर्चा करने और फास्ट ट्रैक जांच कराने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष ऐसा चाहता ही नहीं है। उनके अनुसार यदि सदन में इस विषय पर बहस होगी तो विपक्ष शासित राज्यों के मामले भी सामने आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण विपक्ष पेपरलीक और युवाओं के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा नहीं करना चाहता।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व लोगों को गुमराह करने का कार्य कर रहा है। डॉ चतुर्वेदी ने कहा कि आज जो लोग पेपरलीक के मुद्दे पर मुखर हैं, उनके समय में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल के दौरान प्रदेश में 19 पेपर लीक हुए थे। उनके अनुसार उस समय न तो किसी ने इस्तीफा दिया और न ही किसी मामले में निष्पक्ष जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत गहलोत सरकार अपने ही तत्कालीन उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ उतर आई थी। जब सचिन पायलट ने अजमेर से जयपुर तक पैदल मार्च निकाला था, तब गहलोत ने उनके खिलाफ कई बयान दिए थे। डॉ चतुर्वेदी ने कहा कि इन घटनाओं से स्पष्ट है कि कांग्रेस केवल दिखावा कर रही है और छात्रों के भविष्य से उसका कोई सरोकार नहीं है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
