जयपुर, 5 अक्टूबर। एशियन गेम्स में भारत के लिए एक साथ पदक जीतने वाले तीरंदाज अब आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) के दूसरे सीजन में एक-दूसरे के खिलाफ निशाना साधते नजर आएंगे। आइची-नागोया एशियन गेम्स में पांच स्वर्ण सहित कुल नौ पदकों की शानदार उपलब्धि के बाद भारत के स्टार तीरंदाज एपीएल खिताब की दौड़ में उतरने के लिए तैयार हैं। एपीएल के दूसरे सीजन का आयोजन 8 से 18 अक्टूबर तक हैदराबाद में होगा।

दूसरे सीजन में छह फ्रेंचाइजी टीमें आमने-सामने होंगी। इनमें राजस्थान की राजपुताना रॉयल्स, तेलंगाना की काकतीय नाइट्स, दिल्ली की पृथ्वीराज योधास, झारखण्ड की चेरो आर्चर्स, तमिलनाडु की चोला चीफ्स और महाराष्ट्र की माइटी मराठाज शामिल हैं।

एपीएल सीजन-2 में छह फ्रेंचाइजी टीमों के 48 तीरंदाज हिस्सा लेंगे। इनमें रिकर्व और कंपाउंड वर्ग में पुरुष एवं महिला तीरंदाज समान संख्या में शामिल होंगे। लीग में लागू 15 सेकंड का शॉट क्लॉक खिलाड़ियों के लिए अतिरिक्त चुनौती होगा। उन्हें सीमित समय में निर्णय लेकर सटीक निशाना साधना होगा।

गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स खिताब बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी। टीम में टोक्यो ओलंपिक चैंपियन मेटे गाज़ोज और ब्रिटेन की स्टार कंपाउंड तीरंदाज एला गिब्सन शामिल हैं। एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता अंकिता भकत, पूर्व विश्व चैंपियन ओजस प्रवीण देवतले और कुशल दलाल टीम की चुनौती को और मजबूत करेंगे।

आर्चरी प्रीमियर लीग के निदेशक अनिल कामिनेनी ने कहा कि एशियन गेम्स में भारत की सफलता ने एपीएल के दूसरे सीजन के लिए शानदार माहौल तैयार किया है। अब प्रशंसकों को वही पदक विजेता अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए प्रतिस्पर्धा करते दिखाई देंगे और उनके साथ दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ तीरंदाज भी मैदान में होंगे। टीमों की मजबूत संरचना और 15 सेकंड के प्रारूप की चुनौती लीग को बेहद प्रतिस्पर्धी बनाएगी। साथ ही, भारतीय तीरंदाजों को उच्च स्तर की नियमित प्रतियोगिता का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “यह लीग भारतीय तीरंदाजों को ओलंपिक और विश्व चैंपियनों के साथ नियमित प्रतिस्पर्धा के जरिए अपने अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन को आगे बढ़ाने का अवसर देगी। साथ ही, यह अगली पीढ़ी को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।”

गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स में कुशल दलाल, ओजस प्रवीण देवतले, एला गिब्सन (ग्रेट ब्रिटेन), स्वाति दुधवाल, मेटे गाज़ोज (तुर्किये), अभ्युदय अमोल पाखले, अंकिता भकत और संगीता रहेंगी।

काकतीय नाइट्स में ऑस्ट्रिया से निको वीनर, स्पेन से एलिया कैनालेस, नीरज चौहान, ज्योति सुरेखा वेन्नम, रोहित कुमार, अवनीत कौर, शिवशंकर सखाराम लैंडकर और रिधि शामिल होंगी।

पृथ्वीराज योधास की टीम में मातियास ग्रांडे (मैक्सिको), एंड्रिया माया बेसेरा अरिजागा (मैक्सिको), अभिषेक वर्मा, गाथा आनंद राव खडके, थिरुमुरु गणेश मणि रत्नम, राज कौर, जुयेल सरकार और कीर्ति शर्मा होंगे।

चेरो आर्चर्स में डेनमार्क से मैथियास फुलर्टन, साहिल राजेश जाधव, पृथिका प्रदीप और जसवीर कौर शामिल हैं।

माइटी मराठाज की टीम में माइक श्लॉसर (नीदरलैंड्स), अमन सैनी, परनीत कौर, मधुरा धामनगांवकर, धीरज बोम्मदेवरा, मृणाल चौहान, अलेजांद्रा वालेंसिया त्रुजिलो (मैक्सिको) और सिमरनजीत कौर होंगी।

चोला चीफ्स की टीम में ऋषभ यादव, रजत चौहान, अलेजांद्रा उस्कियानो (कोलंबिया), चिकिथा तनिपर्थी, मार्कस डी'अल्मेडा (ब्राजील), पवन, दीपिका कुमारी और युक्ता श्री कोंडापावुलुरी शामिल होंगी।

8 अक्टूबर से हैदराबाद में शुरू होने वाला एपीएल का दूसरा सीजन एशियन गेम्स के पदक विजेता भारतीय तीरंदाजों के बीच सीधे मुकाबले के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाजों की चुनौती भी सामने रखेगा। 8 से 18 अक्टूबर तक चलने वाली यह लीग 15 सेकंड के शॉट क्लॉक के बीच छह फ्रेंचाइजी टीमों के 48 तीरंदाजों की प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगी।

Next Story