जयपुर, 30 जुलाई। महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस (World Day Against Trafficking in Persons) के अवसर पर राजस्थान में राज्यस्तरीय जागरूकता अभियान चलाया गया। संयुक्त राष्ट्र मादक द्रव्य एवं अपराध कार्यालय (UNODC) द्वारा वर्ष 2026 के लिए निर्धारित थीम “Trapped Behind the Scam” के तहत मानव तस्करी और साइबर अपराध के बदलते स्वरूप के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस थानों और कार्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 35,600 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मानव तस्करी के शोषण के खिलाफ शपथ लेकर इसके उन्मूलन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने UNODC द्वारा जारी आधिकारिक लोगो को अपने व्हाट्सएप्प और एक्स (ट्विटर) प्रोफाइल पर लगाकर भी जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।

पुलिस मुख्यालय की सिविल राइट्स एवं एएचटी शाखा, जयपुर द्वारा जयपुर के प्रमुख एफएम चैनलों रेडियो मिर्ची, माय एफएम, एफएम तड़का और रेड एफएम के माध्यम से मानव तस्करी तथा साइबर अपराध से संबंधित विशेष जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए। इन संदेशों में मानव तस्करी के कारणों, इसके दुष्प्रभावों, बचाव के उपायों और इसके उन्मूलन में समाज की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

आमजन तक सीधे जागरूकता संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से जयपुर शहर के प्रमुख और प्रमुखता से दिखाई देने वाले स्थानों पर 14 डिजिटल मॉनिटर्स के माध्यम से मानव तस्करी उन्मूलन से जुड़े स्लोगन और संदेश प्रदर्शित किए गए। इसके जरिए राहगीरों और आम नागरिकों को मानव तस्करी के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

सिविल राइट्स एवं एएचटी शाखा ने एनजीओ के सहयोग से राजस्थान पुलिस अकादमी के ऑडिटोरियम में विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर विशेष सेमिनार का आयोजन भी किया। इसमें स्थानीय स्कूलों के 500 से अधिक विद्यार्थी और प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए। सेमिनार में मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क, पीड़ितों के शोषण, साइबर माध्यमों से होने वाली तस्करी तथा इसकी रोकथाम में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस की ओर से आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य मानव तस्करी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके शोषण के खिलाफ सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करना रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शपथ, एफएम चैनलों के माध्यम से प्रसारित जागरूकता संदेश, डिजिटल मॉनिटर्स पर प्रचार और विद्यार्थियों के साथ आयोजित सेमिनार के जरिए प्रदेशभर में मानव तस्करी के खिलाफ व्यापक जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story