जयपुर में जश्न-ए-सर सैयद 2026: 150 अलीग जुटे, चिकित्सा से पत्रकारिता तक 31 प्रतिभाओं का सम्मान
जयपुर में AMUOBA राजस्थान चैप्टर के जश्न-ए-सर सैयद 2026 में करीब 150 अलीग शामिल हुए। समारोह में चिकित्सा से पत्रकारिता तक 31 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। शिक्षा, सामाजिक सद्भाव और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया।

जयपुर के होटल इंडियाना प्राइड में आयोजित 'जश्न-ए-सर सैयद' समारोह के दौरान मंचासीन अतिथि और एएमयू ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन के पदाधिकारी स्मारिका का विमोचन करते हुए।
जयपुर में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने सर सैयद अहमद खान के मिशन को आगे बढ़ाने, शिक्षा और सामाजिक सद्भाव को प्रोत्साहित करने तथा महिला सशक्तिकरण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन (AMUOBA) राजस्थान चैप्टर की ओर से शनिवार को टोंक रोड स्थित होटल इंडियाना प्राइड में ‘जश्न-ए-सर सैयद 2026’ आयोजित किया गया। समारोह में करीब 150 अलीग शामिल हुए। इस दौरान चिकित्सा, शिक्षा, आयुष, समाज सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 31 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि भरतपुर जिला कलेक्टर कमरुल ज़मां चौधरी (IAS) ने कहा कि शिक्षा और आधुनिक सोच से ही समाज तरक्की कर सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को अवसरों का लाभ उठाने की प्रेरणा देते हुए कहा, “अवसर का लाभ उठाने की कोशिश करो, शिकायतें कमजोर लोग करते हैं।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता AMU छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं AMUOBA राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आजम बैग ने की। उन्होंने कहा कि सर सैयद के जीवन से विपरीत परिस्थितियों में भी संकल्प, सद्भाव और परिश्रम के साथ सफलता हासिल करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने शिक्षा और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को आगे बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।
समारोह की विशिष्ट अतिथि फरहा ख़ान (IRS) ने महिला शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर जोर दिया। कार्यक्रम में चिकित्सा, शिक्षा, आयुष, समाज सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 31 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पत्रकार बाबू अंसारी, नईम अहमद और एम.आई. ज़हीर भी शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सना बेग ने किया। समारोह का समापन अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित तराने के हिंदी अनुवाद के सामूहिक गायन के साथ हुआ। आयोजन में शिक्षा, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ सर सैयद के मिशन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

