अमृता विश्व विद्यापीठम में दक्षिण एशिया यूनेस्को चेयर्स राउंड टेबल का आयोजन
कार्यक्रम में 22 से अधिक प्रतिनिधियों ने भविष्य की रणनीतियों और 'ट्रिपल प्लैनेटरी क्राइसिस' जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

अमृता विश्व विद्यापीठम में आयोजित यूनेस्को चेयर्स राउंड टेबल के दौरान कुलाधिपति श्री माता अमृतानंदमयी देवी के साथ यूनेस्को प्रतिनिधि और शिक्षाविद।
अमृतपुरी, केरल: यूनेस्को के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय कार्यालय के निदेशक टिम कर्टिस ने अमृता विश्व विद्यापीठम में आयोजित दो दिवसीय दक्षिण एशिया यूनेस्को चेयर्स राउंड टेबल के दौरान यूनेस्को नेटवर्क की रणनीतिक क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि यूनेस्को चेयर्स संगठन की सबसे बड़ी ताकतों में से एक हैं, जो नीति-स्तर की चर्चाओं को गहराई से प्रभावित करती हैं। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम अमृता विश्व विद्यापीठम में 2026–2027 की रणनीतिक प्राथमिकताओं को आकार देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
इस दो दिवसीय आयोजन में भारत, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका से 22 से अधिक प्रतिनिधियों, यूनेस्को चेयरधारकों और प्रख्यात शिक्षाविदों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विचार-विमर्श का प्राथमिक केंद्र बिंदु क्षेत्रीय शोध और सामुदायिक पहलों को यूनेस्को के आगामी 2026–2027 सत्र की प्राथमिकताओं के साथ एकीकृत करना था। चर्चा के दौरान जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता में कमी और प्रदूषण जैसी चुनौतियों को सम्मिलित करते हुए “ट्रिपल प्लैनेटरी क्राइसिस” के साथ-साथ डिजिटल परिवर्तन, नैतिक एआई, लैंगिक समानता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया।
इस प्रतिष्ठित बैठक में बांग्लादेश के लिए यूनेस्को प्रतिनिधि सुसान वाइज और नेपाल के लिए यूनेस्को प्रतिनिधि जैको डु टॉइट ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हाइब्रिड प्रारूप में संपन्न हुए इस आयोजन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्री माता अमृतानंदमयी देवी से शिष्टाचार भेंट की और विभिन्न शैक्षिक व सामाजिक मुद्दों पर संवाद किया।
अमृता विश्व विद्यापीठम भारत का एकमात्र ऐसा विश्वविद्यालय है, जहां तीन प्रमुख यूनेस्को चेयर्स स्थापित हैं। इनमें डॉ. भवानी राव के नेतृत्व में ‘जेंडर इक्वैलिटी एंड वीमेन एम्पावरमेंट’, डॉ. मनीषा वी. रमेश के नेतृत्व में ‘एक्सपीरिएंशियल लर्निंग फॉर सस्टेनेबल इनोवेशन एंड डेवलपमेंट’ और डॉ. प्रेमा नेदुंगाडी के नेतृत्व में ‘असिस्टिव टेक्नोलॉजीज़ इन एजुकेशन’ शामिल हैं। यह आयोजन न केवल क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करता है, बल्कि वैश्विक शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में अमृता विश्व विद्यापीठम की अग्रणी भूमिका को भी स्पष्ट करता है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
