श्री अमरापुर स्थान जयपुर में 17 मई से अमरापुर बाल संस्कार शिविर का आयोजन
जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए 15 दिवसीय नि:शुल्क बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में आयोजित होने वाले 'अमरापुर बाल संस्कार शिविर' की जानकारी देते हुए स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज (भगवा वस्त्र में), शिक्षक जितेन्द्र दाधीच वेदाचार्य और अन्य आयोजन समिति के सदस्य।
जयपुर। आस्था के पावन केंद्र श्री अमरापुर स्थान जयपुर में आगामी 17 मई रविवार से पंद्रहदिवसीय 'अमरापुर बाल संस्कार शिविर' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित होने वाले इस विशेष शिविर में 5 वर्ष से लेकर 20 वर्ष तक के सभी बच्चे व युवा भाग ले सकते हैं। इस पंद्रहदिवसीय शिविर के अंतर्गत भाग लेने वाले सभी बच्चों के पंजीयन किए जाएंगे। पंजीयन का समय प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसकी प्रक्रिया शनिवार 16 मई और 17 मई रविवार तक संचालित रहेगी।
शिविर के अंतर्गत सनातन धर्म और संस्कृति को जीवित रखने हेतु अनुभवी संत महात्माओं सहित विशेषज्ञ अध्यापक जितेन्द्र दाधीच वेदाचार्य जी बच्चों में संस्कारों की मजबूत नींव रखेंगे। इस दौरान नई पीढ़ी को योग, शास्त्रीय ज्ञान, प्रार्थना, सूर्य नमस्कार, भोजन मंत्र, स्नान मंत्र, हनुमान चालीसा और गुरु प्रार्थना आदि का गहन बोध कराया जाएगा। इसके साथ ही शिविर में आध्यात्मिक भक्ति ज्ञान, चरित्र निर्माण, सनातन, धर्म संस्कृति आदि सकारात्मक सोच और नि:स्वार्थ सेवा के गुणों की सीख भी दी जाएगी, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगी।
श्री अमरापुर स्थान जयपुर के स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर पूर्णतः नियमानुरूप संचालित किया जाएगा। शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को नियमित रूप से 15 दिनों तक नियत समय पर आना अनिवार्य होगा। प्रबंधन द्वारा शिविर में उपयोग होने वाली समस्त पाठ्य सामग्री विद्यार्थियों को शिविर स्थल पर ही पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। शिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए समय-समय पर अध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों की परीक्षा भी ली जाएगी। अंत में, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार और जुझारु बच्चों को शिविर के समापन पर विशेष रूप से सम्मानित कर प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन आधुनिक दौर में भावी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक युगांतकारी कदम साबित होगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
