अलवर में पोक्सो न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया एक आरोपी पुलिस चालानी गार्ड को चकमा देकर फरार हो गया। भागने के दौरान उसने एक कांस्टेबल के हाथ पर नुकीली वस्तु से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई अखेपुरा थाना पुलिस ने बाला किला की पहाड़ियों में चारों तरफ से घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और महज 30 मिनट के भीतर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए की गई इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार और वृत्ताधिकारी उत्तर शहर राजेश कसाणा के निकटतम सुपरविजन में अंजाम दिया गया। थानाधिकारी अखेपुरा संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।

घटना गुरुवार, 19 नवंबर को हुई। पुलिस लाइन अलवर से चालानी गार्ड पोक्सो एक्ट के एक मामले में जेल में बंद आरोपी को पेशी के लिए पोक्सो न्यायालय लेकर आए थे। न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाते समय आरोपी ने पुलिस चालानी गार्ड को चकमा दिया और फरार हो गया। इस दौरान उसने कांस्टेबल रजत के हाथ में किसी नुकीली वस्तु से चोट पहुंचाई।

आरोपी के फरार होने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से अखेपुरा थानाधिकारी संजय शर्मा को मिली। सूचना में बताया गया कि आरोपी बाला किला की पहाड़ियों की तरफ भागा है। इसके बाद थानाधिकारी ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और नाकाबंदी के लिए गई टीम को तत्काल पहाड़ियों की ओर रवाना किया। आरोपी के भागने के संभावित रास्तों को रोकने के लिए पूरी पहाड़ी की चारों तरफ से घेराबंदी करने के निर्देश दिए गए।

अखेपुरा थाना पुलिस के 10 से 12 अधिकारी-कर्मचारियों ने पहाड़ी को चारों ओर से घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान कांस्टेबल सुनील और कांस्टेबल तसलीम को आरोपी पहाड़ी की चोटियों पर दूसरी तरफ जाता दिखाई दिया। दोनों कांस्टेबलों ने उसका पीछा किया। कांस्टेबल सुनील ने सूझबूझ दिखाते हुए बातचीत और समझाइश के जरिए आरोपी को उलझाया और उसके नजदीक पहुंचकर उसे डिटेन कर लिया। इस तरह फरार होने की सूचना मिलने के करीब 30 मिनट के भीतर पुलिस आरोपी को पकड़ने में सफल रही।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी संजय शर्मा, सहायक उप निरीक्षक शशिकान्त, घनश्याम, हरिशपाल एवं राजवीर, हेड कांस्टेबल मुरारीलाल तथा कांस्टेबल निजामुद्दीन, गिर्राज, सुनील और तसलीम सहित अखेपुरा थाना पुलिस के अन्य जवानों की भूमिका रही। आरोपी को पकड़ने में कांस्टेबल सुनील की मुख्य भूमिका रही, जबकि कांस्टेबल तसलीम ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।

वहीं, चालानी गार्ड के हेड कांस्टेबल गंभीर सिंह, प्रभुदयाल तथा कांस्टेबल रजत, भागचंद, पूरण एवं बृजमोहन भी पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के संपर्क में रहे। आरोपी को दस्तयाब कर लिया गया है और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।

Next Story