अलवर में 12 वर्षों की विकास यात्रा का साक्षी बना 'नवीन सूचना केंद्र': 'विश्वास, विकास और जनकल्याण' की थीम पर प्रदर्शनी का हुआ भव्य आगाज
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री संजय शर्मा ने नवीन सूचना केंद्र में 'विश्वास, विकास और जनकल्याण' थीम पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

अलवर के नवीन सूचना केंद्र में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान सरकार के मंत्री संजय शर्मा।
अलवर की धरा पर शुक्रवार का दिन केंद्र सरकार के यशस्वी 12 वर्षों के कार्यकाल के उपलक्ष्य में एक विशिष्ट आयोजन का साक्षी बना। केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियों, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए अलवर स्थित नवीन सूचना केंद्र में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव और राजस्थान सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने फीता काटकर किया। यह प्रदर्शनी आगामी 14 जून तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विगत 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा और समृद्धि के अभूतपूर्व आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनकल्याण, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के मूल मंत्र के साथ देश निरंतर नई ऊँचाइयों को छू रहा है। श्री यादव ने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा के इस कालखंड में किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवा उत्थान के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए सरकार अनवरत कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।
इस अवसर पर राजस्थान के वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल ने जनसेवा और समर्पण का एक नया अध्याय लिखा है। राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और पर्यटन के क्षेत्र में नवाचारों के साथ चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पित है।
कार्यक्रम के दौरान कला और संस्कृति का अनूठा संगम भी देखने को मिला। पद्मश्री से सम्मानित भपंग वादक श्री गफरुद्दीन मेवाती के दल ने लोकगीतों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं को अत्यंत रोचक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। इसके अतिरिक्त, जिला प्रशासन द्वारा ‘एक जिला-एक खेल’ के अंतर्गत कुश्ती के लाइव डेमो ने दर्शकों में विशेष उत्साह भर दिया।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सहायक निदेशक श्री मनोज कुमार ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में फ्लैग्स और स्टैन्डीज के माध्यम से ऐतिहासिक विकास कार्यों और जनहितैषी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का अवलोकन करने हेतु कार्यालय समय प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला सहित अनेक विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
