अक्षय पात्र संस्था ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए राजस्थान के सरकारी विद्यालयों को नया स्वरूप देने की विशेष पहल शुरू की है। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने से पहले बच्चों को अध्ययन के लिए स्वच्छ, सुंदर और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्था अपने स्टाफ के माध्यम से विद्यालयों में रंग-रोगन और विशेष साफ-सफाई अभियान चला रही है।

संस्था द्वारा राजस्थान के 11 जिलों के अनेक विद्यालयों में रंग-रोगन के साथ व्यापक सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत विद्यालयों की कक्षाओं, दीवारों और पूरे परिसर का रंग-रोगन कर उन्हें नया रूप दिया जा रहा है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक वातावरण मिल सके।

अक्षय पात्र संस्था ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के लिए बेहतर और सकारात्मक शिक्षण वातावरण तैयार करना इसका प्रमुख उद्देश्य है। संस्था का मानना है कि "स्वच्छ और सुंदर विद्यालय ही बच्चों के बेहतर भविष्य की पहली सीढ़ी हैं।"

संस्था के इस सामाजिक अभियान की स्थानीय ग्रामीणों, विद्यालय स्टाफ और अभिभावकों ने सराहना की है। उन्होंने इसे शिक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यालयों के वातावरण को बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और सीखने की प्रेरणा भी विकसित करते हैं। राजस्थान के विद्यालयों के सौंदर्यीकरण की यह पहल नए शैक्षणिक सत्र की प्रभावी शुरुआत के साथ सामाजिक सहभागिता और शिक्षा के प्रति संस्थागत प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।

Next Story